Kathua News:युवाओं को नवाचार और स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित – Jammu And Kashmir News
जीडीसी हीरानगर में हैकाथॉन का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सरकारी जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर में शुक्रवार को ‘हैकाथॉन : एम्पावरिंग यूथ ऑफ जम्मू-कश्मीर’ का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं में उद्यमशीलता, तकनीकी कौशल और नवाचार को बढ़ावा देना था। सीएसआईआर-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन (आईआईआईएम), जम्मू और बायोनेस्ट बायोइन्क्यूबेशन सेंटर, कठुआ ने इसमें सहयोग किया।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना के संरक्षण और इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) की अध्यक्ष डॉ. अनुपमा अरोड़ा की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित हुआ। बायोनेस्ट सेंटर की कारोबार कोऑर्डिनेटर डॉ. दिव्या शर्मा ने विद्यार्थियों को उद्यमशीलता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कौशल विकसित करने को कहा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ऐजाज अहमद मीर ने नवाचार और स्टार्टअप व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थागत सहयोग और इन्क्यूबेशन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने कौशल विकास और उद्यमशीलता को समय की जरूरत बताया। उन्होंने युवाओं को पारंपरिक कॅरिअर विकल्पों से आगे बढ़कर काम करने की सलाह दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हैकाथॉन प्रतियोगिता रही। इसमें छह प्रतिभागियों ने अपने नवाचारपूर्ण विचार और समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल में प्रो. अनुपमा अरोड़ा, प्रो. राम कृष्ण और प्रो. अमित सिंह शामिल थे। प्रतियोगिता में शावी ने पहला, सिकंद ने दूसरा और सुहानी शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
