रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:अनूठी सजा, 15 साल की नौकरी, फिर पहले पायदान पर – A Unique Punishment: 15 Years Of Service, Then Back To Square One

November 28, 2026


सहारनपुर। नगर आयुक्त ने भ्रष्टाचार के आरोपी कर्मचारी का निलंबन तो बहाल कर दिया, लेकिन ऐसी सजा दी, जो अन्य कर्मचारियों के लिए नजीर बनेगी। नगर आयुक्त ने बहाली के साथ कर्मचारी की 15 साल की सभी वेतनवृद्धियां खत्म कर दी। इससे कर्मचारी 36 हजार रुपये से सीधे 20 हजार रुपये वेतन पर आ गया है। इससे उसे भविष्य में 16 हजार रुपये हर महीने का झटका लगा है। नगर निगम में इस तरह की सजा चर्चा का विषय बनी हुई है।

गांव चकहरेटी निवासी संजीव कुमार ने 27 अप्रैल 2026 को शिकायत की थी कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मरगूब अहमद ने गृहकर कम कराने की एवज में उससे 11 हजार रुपये लिए हैं। इसका शपथ पत्र भी उसने दिया था। शुरुआती जांच में आरोप सामने आने के बाद 23 जून 2026 को कर्मचारी को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी। मामले की सुनवाई चली। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता के बयान, शपथ पत्र और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आरोप पुष्ट पाए। अब 25 नवंबर को नगर आयुक्त ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के प्रावधानों के अनुसार दंड निर्धारित किया है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारी अब चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के मूल पद के न्यूनतम वेतनमान पर काम करेगा। आरोपी कर्मचारी करीब 15 वर्ष से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत रहा है। वर्तमान में उसका वेतन 36 हजार रुपये से अधिक था, लेकिन नगर आयुक्त की कार्रवाई के बाद वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के मौजूदा मूल वेतन पर पहुंच गया है, जो करीब 20 हजार रुपये बैठता है। इस प्रकार कर्मचारी को करीब 16 हजार रुपये का मासिक नुकसान हुआ है।

———

पहले भी हो चुका निलंबित

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कर्मचारी पहले भी कई बार निलंबित हो चुका है। पहले भी वह गलत तरह से रुपयों के लेन-देन के मामलों में निलंबन की सजा पा चुका है। लेकिन इस बार नगर आयुक्त ने ऐसी सजा दी है, जिसके बाद शायद वह ऐसी गलती करने की हिमाकत नहीं करेगा।

———

अक्सर उठते रहे हैं सवाल

गृहकर एंव जलकर अनुभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। कई कर संग्रहकर्ताओं पर सेटिंग कर बड़े व्यावसायिक भवनों के टैक्स कम कराने के आरोप हैं। इसमें नगर आयुक्त द्वारा 28 अक्तूबर 2026 को जांच के आदेश दिए गए थे, लेकिन अभी तक उनके आदेशों का अनुपालन नहीं हो सका है।

———

किसी भी कर्मचारी को नगर निगम की छवि धूमिल करने की छूट नहीं दी जा सकती। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर लगे रुपये लेने के आरोप जांच में सिद्ध हुए थे। इसके लिए उसे निलंबित किया गया था। अब उसको सजा के साथ बहाल किया गया है।

शिपू गिरि, नगर आयुक्त।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X