रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pilibhit News:मशाल दौड़ और मार्च पास्ट से एथलेटिक्स मीट का आगाज – Athletics Meet Begins With A Torch Relay And A March Past
पीलीभीत

Pilibhit News:मशाल दौड़ और मार्च पास्ट से एथलेटिक्स मीट का आगाज – Athletics Meet Begins With A Torch Relay And A March Past

November 28, 2026


पीलीभीत। बेन-हर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय एथलेटिक्स मीट-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया।

खेल महोत्सव की शुरुआत खेल मशाल प्रज्वलन के साथ हुई। प्रधानाचार्या करिश्मा सैहमी ने मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मशाल दौड़ में हिस्सा लिया। मशाल दौड़ के बाद विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। इस दौरान मैनेजिंग ट्रस्टी गुरदित्त सिंह सैहमी ने परेड कर रहे विद्यार्थियों को सैल्यूट किया।

पहले दिन कक्षा छह के बालकों की सैक रेस, कक्षा छह से आठ की बालिकाओं की स्किपिंग रेस और कक्षा सात व आठ के बालकों की लॉन्ग जंप प्रतियोगिता हुई। पीटी डिस्प्ले में विद्यार्थियों ने शानदार तालमेल और सामूहिक प्रदर्शन किया। इसमें सतपुड़ा हाउस ने प्रथम, अरावली हाउस ने द्वितीय और विंध्य हाउस ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने डांस ड्रिल की आकर्षक प्रस्तुति दी। इसकी तैयारी इरशाद अहमद और साक्षी शर्मा ने कराई।

वहीं, कक्षा नौ से 12 तक के बालक-बालिकाओं के लिए शॉटपुट, लॉन्ग जंप, 100 मीटर और 1600 मीटर दौड़ के मुकाबले हुए। पेंटाथलॉन प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हर प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और जीत के जज्बे के साथ भाग लिया।

——–

चार विद्यार्थियों ने मंडल में हासिल किया पहला स्थान

फोटो – 13

पीलीभीत। 54वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी-2026 के लिए आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में लिटिल एंजेल्स स्कूल के चार विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया।

प्रतियोगिता में मौलिक जांगिड़ (कक्षा नौ) ने गणितीय मॉडलिंग, विशेष राठौर (कक्षा 10) ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, विशेष गंगवार (कक्षा नौ) ने स्वदेशी कृषि तकनीक और सक्षम खरे (कक्षा आठ) ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया।

राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी दिसंबर 2026 में आयोजित होगी। इसमें चारों विद्यार्थी अपने वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत करेंगे। विद्यालय के शिक्षक अमित मिश्रा ने बताया कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। संवाद

बेन-हर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय एथलेटिक्स मीट में भाग लेते छात्र-छात्राएं। स्रोत- स्कूल

बेन-हर पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय एथलेटिक्स मीट में भाग लेते छात्र-छात्राएं। स्रोत- स्कूल

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X