Yamuna Nagar News:गले पर भारी पड़ रहा मौसम का मिजाज, बढ़ रहे मरीज – Weather Conditions Taking A Toll On Throats; Number Of Patients On The Rise
यमुनानगर। जिले में इस बार पिछले साल के मुकाबले सर्दी का असर भले ही कुछ कम है। लेकिन लोगों की सेहत पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। मौसम में बदलाव के बीच गले से जुड़ी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज गला दर्द, खराश और खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
जांच के दौरान कई मरीजों के गले में छाले, लालिमा और सूजन जैसी समस्याएं मिल रही हैं। गला पकने के कारण कुछ लोगों को भोजन निगलने तक में परेशानी हो रही है। चिकित्सकों के अनुसार सर्दी के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है। लोगों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम में सुबह और शाम ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि दोपहर में तापमान सामान्य से गर्म बना हुआ है। ऐसे में लोग अभी गर्म कपड़े पहनने से भी परहेज कर रहे हैं। युवाओं को टीशर्ट में घूमते देखा जा सकता है। वहीं कई लोगों ने अभी तक जर्सी, स्वेटर और जैकेट भी अलमारी से बाहर नहीं निकाली हैं। दिन और रात के तापमान में अंतर के बीच गले से जुड़ी शिकायतें बढ़ रही हैं।
अस्पतालों में पहुंच रहे मरीजों में गले में खराश, दर्द, खांसी और छाले पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कुछ मरीजों के गले में लालिमा भी मिल रही है। गला पकने के कारण उन्हें खाना खाने और पानी पीने में भी परेशानी हो रही है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में बदलाव के दौरान शरीर का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
शनिवार को जिले के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह और शाम लोगों को ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप निकलने के कारण मौसम गर्म बना हुआ है। यही वजह है कि लोग दिन में गर्म कपड़ों से दूरी बनाए हुए हैं।
बदलते मौसम में बरतें सावधानी : डॉ. जितेंद्र
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में गला पकने, खांसी और बुखार की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की ओपीडी में काफी बढ़ोतरी हुई है। लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतनी चाहिए। ठंड से बचाव करें और गले में दर्द, खराश या बुखार होने पर लापरवाही न करें। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक से जांच करवाएं।
