पंजाब में भाजपा 50, अकाली दल 60 सीटों पर लड़ सकता है चुनाव :डॉ. सिकंदर – In Punjab, The Bjp May Contest 50 Seats And The Akali Dal 60 Seats: Dr. Sikandar
नंगल (ऊना)। पंजाब में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और अकाली दल के बीच सीटों के बंटवारे पर फिलहाल सहमति बन गई है। भाजपा 50 और अकाली दल 60 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है, जबकि सात सीटों पर अभी फैसला होना बाकी है। इनमें से तीन से चार सीटें भाजपा को मिल सकती हैं। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश से भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं जिला रूपनगर के प्रभारी डॉ. सिकंदर कुमार ने नंगल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी।
डॉ. सिकंदर कुमार विधानसभा क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब के प्रभारी नवीन शर्मा के साथ नंगल पहुंचे थे। यहां उन्होंने नंगल मंडल भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी। पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को टिकट मांगने का अधिकार है। टिकट की दावेदारी को गुटबाजी नहीं माना जाना चाहिए।
