Sultanpur News:नारायणपुर विद्यालय में पदक विजेता छात्र-छात्राओं का सम्मान – Honoring Medal-winning Students At Narayanpur School
भदैंया। जनपद स्तरीय परिषदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में भदैंया के खिलाड़ियों ने लगातार 12वीं बार शानदार प्रदर्शन कर ब्लॉक का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि में उच्च प्राथमिक विद्यालय नारायणपुर के छात्र-छात्राओं की अहम भूमिका रही। शनिवार को विद्यालय परिसर में पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया।
पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 और 26 नवंबर को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो, कुश्ती, ताइक्वांडो और कबड्डी सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया। वॉलीबॉल और बैडमिंटन में विद्यालय की छात्राओं ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि टेबल टेनिस में खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 स्वर्ण, 28 रजत और 14 कांस्य पदक अपने नाम किए। पलक, नैंसी, संध्या, शिवांश, लकी, अफसर और विकास ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सभी पदक विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हरीश मिश्रा, राम यादव, इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिनेश सिंह, मुनेंद्र मिश्रा, इंद्रभान यादव, खेल प्रभारी गीता मौर्य, अनुपमा यादव, बीना और हरिकेश्वर सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे।
