रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Pilibhit News:आबादी के निकट पहुंचा बाघ, गन्ने के खेत में बछड़े को मार डाला, ग्रामीणों में दहशत – Tiger Reaches The Vicinity Of A Settlement, Kills A Calf In A Sugarcane Field; Panic Ensues Among Villagers
पीलीभीत

Pilibhit News:आबादी के निकट पहुंचा बाघ, गन्ने के खेत में बछड़े को मार डाला, ग्रामीणों में दहशत – Tiger Reaches The Vicinity Of A Settlement, Kills A Calf In A Sugarcane Field; Panic Ensues Among Villagers

November 28, 2026


माधोटांडा/ कलीनगर। जंगल से निकलकर आबादी के करीब पहुंचे बाघ की चहलकदमी ने कलीनगर क्षेत्र के दो ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। बाघ ने दयालपुर और नवदिया के बीच पेट्रोल पंप के पास गन्ने के खेत में एक छुट्टा बछड़े को मार डाला। सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने बछड़े का शव और आसपास बाघ के ताजे पगचिह्न देखे तो इलाके में दहशत फैल गई।

दयालपुर और पिपरिया संतोष गांव के ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में दो अलग-अलग बाघ चहलकदमी कर रहे हैं, लेकिन वन अधिकारी एक ही बाघ की मौजूदगी बता रहे हैं। सूचना पर डीएम-एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और डीएफओ भरत कुमार से जानकारी कर जरूरी निर्देश दिए। सामाजिक वानिकी की टीम ने जाल लगाकर खेत की घेराबंदी की और निगरानी शुरू कर दी।

तहसील क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार सुबह माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर दयालपुर और नवदिया के बीच लक्ष्मीपुर निवासी रामदयाल के गन्ने के खेत में बाघ ने छुट्टा बछड़े का शिकार किया। सुबह इसकी जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पगचिह्न मिलने से बाघ की मौजूदगी की पुष्टि होने पर वन विभाग को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन बाघ की मौजूदगी नहीं मिल सकी।

इसी बीच पिपरिया संतोष गांव की सीमा में भी बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में खलबली मच गई। यहां ग्रामीण श्यामलाल के गन्ने के खेत में बाघ की मौजूदगी देखी गई। सूचना पर सामाजिक वानिकी की टीम पहुंची तो ग्रामीणों की भीड़ जमा थी। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गांव के आसपास बाघ की गतिविधियां देखी जा रही हैं। इससे खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

ग्रामीणों ने विधायक बाबूराम पासवान को समस्या से अवगत कराया। इसपर विधायक बाबूराम पासवान ने डीएफओ भरत कुमार डीके से बातचीत की। इसके बाद डीएफओ ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। गन्ने के खेतों में बाघ के छिपे होने की आशंका को देखते हुए जाल लगाकर घेराबंदी कराई गई।

ड्रोन के जरिये खेतों और आसपास के इलाके की निगरानी की जा रही है। वन विभाग की टीमें भी लगातार बाघ की तलाश में जुटी हैं। इधर बाघ की चहलकदमी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर डीएम आलोक कुमार और एसपी सुकीर्ति माधव भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने डीएफओ से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

गन्ने की फसल में छिपने का ठिकाना, कटाई पर जोर

क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खड़ी गन्ने की फसल बाघ के छिपने का सुरक्षित ठिकाना बन रही है। खेतों में बाघ की मौजूदगी से किसानों के लिए फसल की कटाई करना भी जोखिम भरा हो गया है। इसे देखते हुए डीएफओ ने विधायक से क्षेत्र में खड़े गन्ने की फसल को प्राथमिकता के आधार पर कटवाने के लिए पर्ची जारी कराने में सहयोग मांगा है। गन्ना विभाग को भी इस संबंध में पत्र भेजा गया है। विधायक ने इस दिशा में प्रयास कराने का आश्वासन दिया है।

एक ही बाघ की दोनों स्थानों पर चहलकदमी का दावा

डीएफओ भरत कुमार डीके ने बताया कि दोनों स्थानों पर एक ही बाघ की चहलकदमी सामने आई है। दयालपुर में पशु का शिकार करने के बाद बाघ पिपरिया संतोष की ओर गया। दोनों स्थानों पर टीम लगाकर ड्रोन से भी तलाश कराई गई, लेकिन बाघ की लोकेशन नहीं मिल सकी। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है। गन्ना अधिकारी को पत्र लिखकर प्राथमिकता के आधार पर गन्ने की फसल कटवाने के लिए कहा गया है।

पिपरिया संतोष गांव के पास बाघ के छिपे होने की आशंका पर गन्ने के चारों ओर लगाया जाल। संवाद

पिपरिया संतोष गांव के पास बाघ के छिपे होने की आशंका पर गन्ने के चारों ओर लगाया जाल। संवाद– फोटो : ARchive

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X