Rewari News:एएसपी ने किया थाने का निरीक्षण, समस्याएं भी सुनीं – Asp Inspected The Police Station And Also Listened To Grievances
खोल। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपिका अग्रवाल ने शनिवार को खोल थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रतिष्ठित लोगों और बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का निर्देश दिया।
एएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज की जाएगी। नशा तस्करों की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में हुड़दंगियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ बुलेट से पटाखे की आवाज निकालने और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों का चालान किया जाए। महिलाओं और अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए बीट पुलिसिंग मजबूत करने को भी कहा।
उन्होंने लोगों को साइबर ठगी के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
जनसंवाद के बाद एएसपी ने थाना परिसर में हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात और केस डायरी के अभिलेखों की जांच की। उन्होंने लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने और थाने में आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
