रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रेवाड़ी

Rewari News:सफाई व्यवस्था में बदलाव पर पार्षदों ने जताया विरोध – Councilors Expressed Opposition To Changes In The Sanitation System

November 28, 2026


रेवाड़ी। शहर की सफाई व्यवस्था में प्रस्तावित बदलाव को लेकर नगर परिषद में विरोध तेज हो गया है। पार्षदों ने अधिकारियों पर बिना जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी करने का आरोप लगाया है।

पार्षदों ने डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर (डीएमसी) से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और चेतावनी दी कि यदि उनकी अनदेखी की गई तो वे नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना देंगे।

पार्षद प्रवीण चौधरी, सुचित्रा चांदना व अन्यों का कहना है कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि अपने वार्ड की गलियों, सफाई कर्मचारियों की जरूरत और स्थानीय समस्याओं से अच्छी तरह परिचित है। ऐसे में सफाई व्यवस्था में बदलाव करने से पहले संबंधित पार्षदों से चर्चा की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए चुना है। यदि अधिकारी बिना पूछे फैसले लेंगे तो जनप्रतिनिधियों की भूमिका समाप्त हो जाएगी। एक पार्षद ने कहा कि यदि उन्हें जानकारी ही नहीं देनी है तो अधिकारी राज और प्रशासक व्यवस्था लागू कर देनी चाहिए।

पार्षदों ने बताया कि 13 नवंबर को भी नई सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध जताया गया था, लेकिन उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने चेतावनी दी कि अधिकारी अपनी मनमर्जी जारी रखेंगे तो कार्यालय के बाहर दरी बिछाकर धरना दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री और सरकार के समक्ष भी मामला उठाया जाएगा।

पार्षदों ने शहर में जगह-जगह कूड़ा जमा होने और सार्वजनिक शौचालयों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई।

गौरतलब है कि डीएमसी ने पिछले माह सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए रोडमैप तैयार किया था। इसके तहत शहर को 27 सर्कल में बांटने और प्रत्येक सर्कल में 10 बीट बनाने की योजना है। हर बीट में दो से तीन सफाई कर्मचारी तैनात किए जाने प्रस्तावित हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X