रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजकीय उच्च विद्यालय आसरंग में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में आसरंग पंचायत की प्रधान रीता देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि पंचायत के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान उपप्रधान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के मुख्याध्यापक राधा कृष्ण नेगी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समां बांधा। समारोह के दौरान नर्सरी से दसवीं कक्षा तक के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।