Moradabad News:तीन दिसंबर को लगेगा रोजगार मेला, 25 कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन – A Job Fair Will Be Held On December 3rd, With 25 Companies Set To Select Young Candidates
मुरादाबाद। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले में तीन दिसंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की 20 से 25 कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों की ओर से तकनीकी और गैर तकनीकी पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। सहायक निदेशक सेवायोजन रत्नेश चंद्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और एसएल एजुकेशन इंस्टीट्यूट के संयुक्त प्रयास से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिसंबर को सुबह 10 बजे से एसएल एजुकेशन इंस्टीट्यूट पल्लूपुरा घोसी में मेला लगेगा। यह संस्थान आईएफटीएम यूनिवर्सिटी के पीछे स्थित है। उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थी अपने बायोडाटा की दो प्रतियां, आधार कार्ड की दो प्रतियां, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां दो सेट और दो रंगीन फोटो लेकर पहुंचें। अभ्यर्थियों के लिए सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।
