Hamirpur (himachal) News:बीएसएफ जवान विक्रम को राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई, बड़े भाई ने दी मुखाग्नि – Bsf Jawan Vikram Laid To Rest With Full State Honors; Elder Brother Performed The Last Rites (lit The Funeral Pyre)
गलोड़ (हमीरपुर)। जम्मू के अखनूर में तैनात बीएसएफ जवान विक्रम दत्त शर्मा का शनिवार को ग्राम पंचायत गाहलियां के कोहलवीं गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ की विशेष टुकड़ी ने हवाई फायर कर अपने साथी को अंतिम सलामी दी।
वहीं, बड़े भाई देवेंद्र कुमार ने चिता को मुखाग्नि दी। जवान की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी। इस दौरान विक्रम दत्त अमर रहें.. के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
42 वर्षीय विक्रम दत्त शर्मा का शुक्रवार को हृदयगति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया था। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे और एक-दो दिन बाद वापस ड्यूटी पर लौटने वाले थे। उनके अचानक निधन से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
विक्रम दत्त के परिवार में पत्नी, दो बेटियां, तीन वर्षीय बेटा और माता हैं। उनकी एक बेटी जमा एक और दूसरी पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। करीब पांच माह पहले ही उनके पिता का निधन हुआ था।
पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे विक्रम के चले जाने से अब उनकी पत्नी और तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। अंतिम यात्रा के दौरान पत्नी और बच्चों का विलाप देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
अंतिम संस्कार में तहसीलदार केशव कुमार, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, ग्राम पंचायत गाहलियां की प्रधान पूनम कुमारी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों और सैकड़ों ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। बीएसएफ के अधिकारियों और जवानों ने भी अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
