रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:पानी की टंकी के लिए दी जमीन के शेष हिस्से पर कब्जा नहीं कर सकेगा जल शक्ति विभाग – The Jal Shakti Department Will Not Be Able To Take Possession Of The Remaining Portion Of The Land Provided For A Water Tank

November 29, 2026


घुमारवीं कोर्ट ने भूमि मालिक की याचिका की स्वीकार, बिना अनुमति निर्माण और हस्तक्षेप पर लगाई रोक

संवाद न्यूज एजेंसी

बिलासपुर। दून गांव में पानी की टंकी के निर्माण के लिए इस्तेमाल की गई जमीन के शेष हिस्से पर जल शक्ति विभाग अब भूमि मालिक की अनुमति के बिना हस्तक्षेप नहीं कर सकेगा। घुमारवीं सिविल जज कोर्ट नंबर तीन की न्यायाधीश सिमरनजीत कौर ने भूमि विवाद में अस्थायी निषेधाज्ञा की याचिका स्वीकार करते हुए विभाग को ऐसा करने से रोक दिया है। दून गांव निवासी दुर्गा दास ने राज्य सरकार और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमीन के कब्जे और मुआवजे को लेकर मुकदमा दायर किया था। उनका दावा है कि जुलाई 2023 में विभाग के अधिकारियों ने पानी की टंकी बनाने के लिए जमीन ली थी और इसके बदले मुआवजा देने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बाद में विभाग ने मुआवजा देने से इन्कार कर दिया।

वहीं, विभाग ने अदालत में दावा किया कि दुर्गा दास ने मौखिक सहमति से टंकी निर्माण के लिए जमीन निशुल्क दी थी। विभाग ने किसी तरह का दबाव बनाने या मुआवजे का आश्वासन देने से भी इन्कार किया।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने वर्ष 2017-18 की जमाबंदी को महत्वपूर्ण आधार माना। इसमें संबंधित 12 बीघा 12 बिस्वा जमीन का एकल स्वामित्व दुर्गा दास के नाम दर्ज है। अदालत ने कहा कि अंतरिम रोक नहीं लगाने पर भूमि मालिक को ऐसी क्षति हो सकती है, जिसकी भरपाई धनराशि से संभव नहीं होगी।

अदालत ने स्पष्ट किया कि जमीन निशुल्क दी गई थी या मुआवजे के बदले अधिग्रहित की गई थी, इसका फैसला मुख्य मुकदमे में साक्ष्यों के आधार पर होगा। फिलहाल विभाग को जमीन के शेष हिस्से में हस्तक्षेप करने से रोक दिया गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X