Kullu News:नवोदय की प्रवेश परीक्षा में बैठे 1482 विद्यार्थी – 1,482 Students Appeared For The Navodaya Entrance Exam
कुल्लू। जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल में छठी कक्षा में प्रवेश के लिए शनिवार को चयन परीक्षा आयोजित की गई। जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर हुई ओएमआर आधारित परीक्षा में 1,870 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1,482 ने भाग लिया। परीक्षा में कुल 79.25 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि 388 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के लिए आनी, बंजार, नग्गर, निरमंड, भुंतर और कुल्लू में केंद्र बनाए गए थे। इनमें कुल्लू केंद्र में सबसे अधिक 443 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था, जिनमें से 372 परीक्षा में शामिल हुए। भुंतर में 368 में से 243, आनी में 305 में से 263, बंजार में 262 में से 207, नग्गर में 267 में से 220 और निरमंड में 225 में से 177 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में 938 छात्रों और 932 छात्राओं ने पंजीकरण करवाया था। इनमें से 753 छात्र और 729 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। छात्रों की उपस्थिति 80.28 फीसदी, जबकि छात्राओं की 78.22 फीसदी रही। परीक्षा पूर्वाह्न 11:30 बजे शुरू हुई और दोपहर 1:30 बजे संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के आधार पर जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल में छठी कक्षा की सीटों के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
…
नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेना मेरा सपना है। परीक्षा बहुत अच्छी हुई है और सभी प्रश्नों को आत्मविश्वास के साथ हल किया है। उम्मीद है कि मेरा चयन होगा और मुझे इस विद्यालय में पढ़ने का अवसर मिलेगा।
– स्वास्तिक शर्मा, छात्र खराहल
…
परीक्षा देकर बहुत अच्छा लगा। प्रश्न भी अच्छे थे और तैयारी के अनुसार पेपर हल किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि मेहनत रंग लाएगी और नवोदय विद्यालय में प्रवेश का सपना पूरा होगा।
-औसतव ठाकुर, छात्र रायसन
