रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:सीएम उमर ने बनी को समर्पित कीं आठ करोड़ की परियोजनाएं – Jammu And Kashmir News

November 29, 2026


गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बनी में नवनिर्मित प्रयोगशाला ब्लॉक और 50 बिस्तरों वाले छात्रावास व उपजिला अस्पताल बनी में ओपीडी कॉम्प्लेक्स और डायलिसिस यूनिट का भी किया लोकार्पण

संवाद न्यूज एजेंसी

बनी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को जिले के दूरदराज पर्वतीय क्षेत्र बनी के दौरे के दौरान आठ करोड़ से अधिक की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और रोजगार सृजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण एलान भी किए।

मुख्यमंत्री ने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बनी में नवनिर्मित प्रयोगशाला ब्लॉक और 50 बिस्तरों वाले छात्रावास का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उपजिला अस्पताल बनी में तैयार नए ओपीडी कॉम्प्लेक्स और डायलिसिस यूनिट का भी लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में उपजिला अस्पताल बनी का करीब 1.80 करोड़ की लागत से निर्मित ओपीडी कॉम्प्लेक्स, 2.60 करोड़ की लागत से तैयार जीडीसी बनी का प्रयोगशाला ब्लॉक तथा अस्पताल कर्मियों के लिए 1.62 करोड़ लागत से तैयार आवासीय सुविधा प्रमुख हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए हॉस्टल सुविधा उपलब्ध होने से उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, जबकि डायलिसिस यूनिट शुरू होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने बनी में प्रस्तावित सेवा-तीन जलविद्युत परियोजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिजली विभाग इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करेगा और सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना से क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग होने की स्थिति में स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। दौरे के दौरान बनी विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने क्षेत्र में नगरपालिका गठन, मिनी सचिवालय, आधुनिक बस स्टैंड और सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना सहित कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने बस स्टैंड और लाइब्रेरी स्थापित करने का आश्वासन देते हुए कहा कि इन मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री शमीम फिरदौस, स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X