रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
दिल्ली:शादियों में 2.50 लाख करोड़ का कारोबार, दिल्ली-एनसीआर में एक तिहाई हिस्सेदारी का अनुमान – Weddings Generate Business Worth Rs 2.50 Lakh Crore In Delhi-ncr
दिल्ली एनसीआर

दिल्ली:शादियों में 2.50 लाख करोड़ का कारोबार, दिल्ली-एनसीआर में एक तिहाई हिस्सेदारी का अनुमान – Weddings Generate Business Worth Rs 2.50 Lakh Crore In Delhi-ncr

November 29, 2026


कहीं दुल्हन के लहंगे के रंग और डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं तो कहीं सोने के गहनों की चमक खरीदारी को आकर्षित कर रही है। बैंक्वेट हॉल में शादी की तारीखें तय हो रही हैं, कैटरिंग के मेन्यू तैयार हो रहे हैं और फूलों से लेकर सजावट तक के ऑर्डर बुक होने लगे हैं। शादी की शहनाइयों के बीच दिल्ली-एनसीआर के बाजारों में उत्सव और कारोबार का माहौल है। 

इस शादी सीजन में राजधानी और आसपास के क्षेत्र में करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार इस सीजन 15 दिसंबर तक देशभर में करीब 52 लाख व दिल्ली-एनसीआर में करीब पांच लाख शादियां होने का अनुमान है। इन आयोजनों से देश में करीब 7.50 लाख करोड़ व दिल्ली-एनसीआर में 2.50 लाख करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। देश की कुल शादियों में दिल्ली-एनसीआर की हिस्सेदारी करीब 9.6% है पर कारोबार के अनुमान में यह लगभग 33% है। इसकी वजह राजधानी के बड़े बाजारों के साथ दूसरे राज्यों को होने वाली थोक आपूर्ति भी है। 

चांदनी चौक और करोल बाग में दुल्हन के आभूषणों से लेकर परिवार के लिए सोने-चांदी के गहनों तक की खरीदारी हो रही है। गांधी नगर में लहंगे, कपड़े और रेडीमेड परिधानों की मांग बढ़ने से दुकानदारों को उम्मीद है कि सीजन के साथ बिक्री भी रफ्तार पकड़ेगी। सदर बाजार में उपहार, सजावट और पैकिंग के सामान की मांग बढ़ रही है, जबकि खारी बावली में मेवे, मसाले और खानपान की सामग्री की खरीदारी आयोजन की तैयारियों को गति दे रही है। 

एक विवाह, कई कारोबार और सेवाओं की भागीदारी 

शादी का बाजार दूल्हा-दुल्हन के कपड़ों और गहनों तक सीमित नहीं है। एक आयोजन के साथ कई कारोबारियों, कारीगरों और सेवा प्रदाताओं की भागीदारी जुड़ती है। कैट के अनुमान के अनुसार विवाह कारोबार का 54 फीसदी हिस्सा सामान की खरीदारी और 46 फीसदी सेवाओं से जुड़ा है। इस सीजन में कैटरिंग और खानपान से करीब 75 हजार करोड़ रुपये, बैंक्वेट हॉल और होटल से 60 हजार करोड़ रुपये तथा इवेंट मैनेजमेंट और वेडिंग प्लानिंग से 37,500 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। फूलों की सजावट, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, संगीत, लाइट-साउंड, परिवहन और ब्यूटी सेवाएं भी इस बाजार का हिस्सा हैं।

शादी की खरीदारी में ग्राहक भारी सेट के साथ हल्के वजन के आभूषण और रोजाना इस्तेमाल किए जा सकने वाले डिजाइन भी पसंद कर रहे हैं। परिवार अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से गहने चुन रहे हैं। – योगेश सिंघल, अध्यक्ष, ऑल बूलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन

इस बार देश में 7.50 लाख करोड़ रुपये व दिल्ली में 2.50 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान  है। पिछले पांच साल में शादी का करोबार दोगुना हुआ है। – प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय महासचिव , कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X