Car Check Before Long Highway Trip: जब भी हम हाईवे या एक्सप्रेसवे पर लंबे सफर के लिए निकलते हैं, तो सबसे पहली जरूरत एक सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा की होती है। ऐसे मार्गों पर गाड़ियां तेज रफ्तार में चलती हैं और कई बार दूर-दराज के हिस्सों में मदद मिलने में समय लग सकता है। अगर बीच रास्ते में गाड़ी खराब हो जाए या कोई तकनीकी खराबी आ जाए, तो इससे समय बर्बाद होता है, अतिरिक्त खर्च बढ़ता है और सुरक्षा का जोखिम भी पैदा हो जाता है।
अक्सर लोग जल्दबाजी या उत्साह में बिना जरूरी जांच किए ही घर से निकल पड़ते हैं, जिससे सफर के दौरान मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं। जबकि निकलने से पहले गाड़ी की कुछ बुनियादी चीजों को परख लेने से बड़ी परेशानियों से आसानी से बचा जा सकता है। थोड़ी सी सावधानी और तैयारी आपकी यात्रा को सुगम और सुरक्षित बना सकती है। आइए इस लेख में इसी के बारे में अच्छे से समझते हैं।
टायर और हवा का दबाव जांचें
- सफर शुरू करने से पहले चारों टायरों के साथ स्टेपनी में भी हवा का सही दबाव जांच लें।
- टायरों में कट, घिसाव या कील जैसी कोई समस्या न हो, यह भी देख लें।
- सही प्रेशर से गाड़ी का संतुलन बेहतर रहता है और हाईवे पर टायर फटने या पंक्चर होने का खतरा घटता है।
इंजन ऑयल और कूलेंट जरूर चेक करें
- लंबे सफर में इंजन पर ज्यादा दबाव पड़ता है, इसलिए इंजन ऑयल और कूलेंट का स्तर जांचना बेहद जरूरी है।
- कम ऑयल से इंजन के पुर्जों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि कूलेंट की कमी से इंजन ओवरहीट हो सकता है।
- जरूरत होने पर समय रहते इन्हें टॉप-अप करा लें ताकि बीच रास्ते में गाड़ी न रुके।
ब्रेक और लाइट्स की जांच करें
- ब्रेक पैड और ब्रेक रिस्पॉन्स का सही होना सुरक्षित ड्राइविंग की पहली शर्त है।
- इसके साथ ही हेडलाइट, टेललाइट, इंडिकेटर और ब्रेक लाइट भी ठीक से काम करते होने चाहिए।
- खासकर सुबह, शाम या कोहरे में खराब लाइट्स और कमजोर ब्रेक बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं।
बैटरी चेक करें और कागजात साथ रखें
- बैटरी के टर्मिनल और चार्जिंग की स्थिति भी जांच लें ताकि स्टार्ट होने में दिक्कत न आए।
- इसके साथ ही फास्टैग का बैलेंस जरूर चेक करें।
- इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, इंश्योरेंस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट जैसे जरूरी कागजात चेक कर लें, जिससे चेकिंग के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
- आप चाहें तो कागज को डिजिलॉकर में भी सेव करके दिखा सकते हैं।