रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
‘संचार साथी’ से रुके ₹5,000 करोड़ के फ्रॉड: पीएम मोदी ने बताया कैसे काम करता है एप, खोए फोन को कैसे पाएं वापस? – Sanchar Saathi App Lost Stolen Mobile Phone Block Imei Recover Mobile Cyber Fraud Report Pm Modi Mann Ki Baat
टेक्नोलॉजी

‘संचार साथी’ से रुके ₹5,000 करोड़ के फ्रॉड: पीएम मोदी ने बताया कैसे काम करता है एप, खोए फोन को कैसे पाएं वापस? – Sanchar Saathi App Lost Stolen Mobile Phone Block Imei Recover Mobile Cyber Fraud Report Pm Modi Mann Ki Baat

November 29, 2026


आज के समय में स्मार्टफोन सिर्फ बातचीत का जरिया नहीं है, बल्कि इसमें हमारे कॉन्टैक्ट्स, पर्सनल फोटोज और कई जरूरी दस्तावेज सेव रहते हैं। ऐसे में अगर फोन कहीं गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो परेशानी बढ़ जाती है और वापस मिलने की उम्मीद भी कम लगती है। इसी चिंता को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भारत सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘संचार साथी’ (Sanchar Saathi) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पीएम मोदी ने संचार साथी एप को इस्तेमाल करने के तरीके भी बताए और यह भी बताया कि खोए हुए फोन को ढूंढने में और साइबर फ्रॉड को रोकने में यह एप कितना कारगर साबित हो रहा है।

खोया हुआ फोन कैसे ढूंढता है संचार साथी?

पीएम मोदी ने बताया कि हर मोबाइल फोन की एक खास पहचान होती है, जिसे IMEI नंबर कहा जाता है। संचार साथी इसी नंबर की मदद से गुम हुए फोन को ट्रैक करने में सहायता करता है। अगर आपका फोन खो जाता है, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के साथ-साथ आप संचार साथी प्लेटफॉर्म पर अपने फोन का IMEI नंबर और कुछ जरूरी डिटेल्स देकर उसे ब्लॉक करा सकते हैं। फोन ब्लॉक होने के बाद अगर कोई दूसरा व्यक्ति उसमें नया SIM कार्ड डालेगा, तब भी वह फोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा।

दूसरों को भी साइबर ठगी से बचाता है एप

यह प्लेटफॉर्म सिर्फ अपना फोन ढूंढने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों की मदद करने का भी जरिया है। मान लीजिए आपके पास कोई फर्जी कॉल आता है और सामने वाला व्यक्ति आपसे OTP मांगता है। आप सतर्क होकर कॉल काट देते हैं, लेकिन वही ठग किसी बुजुर्ग या अनजान व्यक्ति को अपना शिकार बना सकता है। पीएम मोदी ने अपील की कि किसी भी संदिग्ध नंबर को तुरंत संचार साथी पर रिपोर्ट करें, इससे आप दूसरों को फ्रॉड से बचाने में मदद कर सकते हैं।

वापस मिले 14 लाख से ज्यादा खोए फोन

प्रधानमंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था की मदद से देशभर में 14 लाख से ज्यादा खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं और उनके मालिकों को वापस भी दे दिए गए हैं। ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने दो जागरूक नागरिकों का उदाहरण भी साझा किया। पीएम मोदी ने बताया कि पुणे के हिमांशु सिंह ने संचार साथी पर 300 से ज्यादा संदिग्ध नंबर रिपोर्ट किए, जिनकी मदद से पिछले एक साल में करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द कराए जा सके।

वहीं, पीएम ने नेल्लोर (आंध्र प्रदेश) के विवेक अल्हरी के बारे में बताया कि उन्होंने 900 से अधिक फ्रॉड नंबर को एप पर रिपोर्ट किया, जिससे करीब 17 हजार फर्जी मोबाइल कनेक्शन को हटाने में मदद मिली।

1,600 से ज्यादा संस्थान जुड़े, 5 हजार करोड़ की बचत

पीएम मोदी ने बताया कि संचार साथी से देश के बैंक, पेमेंट एप्स, टेलीकॉम कंपनियां और पुलिस समेत 1,600 से अधिक संस्थान जुड़े हुए हैं। इस नेटवर्क की वजह से साइबर फ्रॉड के कई मामलों को समय रहते रोका जा रहा है। अब तक इस सिस्टम की मदद से 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के संभावित नुकसान को बचाया जा चुका है। खास बात यह है कि यह एप 23 भाषाओं में उपलब्ध है और इसे इस्तेमाल करना बेहद आसान है।

मोबाइल खो जाए तो संचार साथी पर ऐसे करें शिकायत

अगर आपका मोबाइल फोन खो गया है या चोरी हो गया है, तो उसे ब्लॉक कराने के लिए ये स्टेप्स अपनाएं:

1. सबसे पहले नजदीकी पुलिस स्टेशन में मोबाइल खोने या चोरी होने की शिकायत दर्ज कराएं।

2. अपने टेलीकॉम ऑपरेटर से उसी नंबर का नया सिम जारी करवाएं।

3. संचार साथी की वेबसाइट पर जाएं: संचार साथी पोर्टल।

4. वहां ‘Block Lost/Stolen Mobile’ विकल्प चुनें।

5. मोबाइल का IMEI नंबर, फोन नंबर, मोबाइल मॉडल, खोने की जगह और अन्य जरूरी जानकारी भरें।

6. पुलिस शिकायत की कॉपी और पहचान पत्र अपलोड करें।

7. OTP वेरिफिकेशन पूरा करके शिकायत सबमिट करें।

शिकायत दर्ज होने के बाद आपको एक Request ID मिलेगी, जिसकी मदद से आप शिकायत का स्टेटस चेक कर सकते हैं। फोन वापस मिलने पर उसे अनब्लॉक कराने का विकल्प भी पोर्टल पर मौजूद है।

फोन ब्लॉक होने के बाद क्या होगा?

IMEI ब्लॉक होने के बाद फोन का इस्तेमाल मोबाइल नेटवर्क पर नहीं किया जा सकेगा। अगर कोई व्यक्ति उसमें दूसरा सिम डालकर इस्तेमाल करने की कोशिश करता है, तो नेटवर्क पर उसकी गतिविधि के आधार पर डिवाइस को ट्रेस करने में मदद मिल सकती है। संबंधित जानकारी पुलिस और टेलीकॉम एजेंसियों तक पहुंच सकती है।

अगर मोबाइल वापस मिल जाता है, तो संचार साथी पोर्टल पर Unblock Found Mobile विकल्प के जरिए उसे दोबारा चालू कराया जा सकता है। इसके लिए पहले पुलिस को फोन मिलने की जानकारी देना और फिर Request ID के जरिए अनब्लॉक करने की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।

फर्जी कॉल की शिकायत कैसे करें दर्ज?

अगर आपको किसी नंबर से फर्जी कॉल, OTP मांगने, बैंक अधिकारी बनकर बात करने, KYC अपडेट या किसी अन्य तरह की साइबर ठगी की कोशिश होती है, तो आप संचार साथी पोर्टल के चक्षु (Chakshu) फीचर के जरिए इसकी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए जरूरी नहीं कि आपके साथ ठगी हो चुकी हो। संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलने पर भी रिपोर्ट की जा सकती है।

फर्जी कॉल की शिकायत दर्ज करने का तरीका

  • पोर्टल खोलें: संचार साथी चक्षु पोर्टल पर जाएं।
  • Report Suspected Fraud Communication विकल्प चुनें और आगे बढ़ें।
  • कॉल या मैसेज का माध्यम चुनें: Voice Call, SMS या WhatsApp।
  • ठगी की कैटेगरी चुनें: जैसे फर्जी बैंक/KYC कॉल, पुलिस अधिकारी बनकर कॉल, फर्जी कस्टमर केयर, नौकरी या लॉटरी का ऑफर, निवेश से जुड़ी ठगी आदि।
  • जानकारी भरें: संदिग्ध मोबाइल नंबर, कॉल या मैसेज की तारीख, समय और ठगी की कोशिश का विवरण दें।
  • स्क्रीनशॉट अपलोड करें: कॉल लॉग, SMS या WhatsApp चैट का स्क्रीनशॉट उपलब्ध हो तो उसे भी जोड़ें।
  • मोबाइल नंबर वेरिफाई करें: OTP के जरिए सत्यापन पूरा करें।
  • शिकायत सबमिट करें: फॉर्म जमा करने के बाद मिलने वाले रेफरेंस नंबर को सुरक्षित रखें।
  • इन शिकायतों को घटना के 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट करने की सुविधा मिलती है।

अगर पैसे की ठगी हो चुकी है तो क्या करें?

अगर फर्जी कॉल या मैसेज के जरिए आपके बैंक खाते से पैसे निकल चुके हैं, तो सिर्फ संचार साथी पर शिकायत करने का इंतजार न करें। तुरंत 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। जल्द रिपोर्ट करने से रकम रोकने या रिकवर करने की संभावना बढ़ सकती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X