Jind News:चैंपियनशिप में सिकंदर और नवीन ने जीते स्वर्ण पदक – Sikandar And Naveen Won Gold Medals In The Championship
उचाना। आरोही सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित 7वीं सीनियर राज्य स्तरीय पुरुष बॉक्सिंग चैंपियनशिप का शनिवार को समापन हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाया।
50 किलोग्राम भार वर्ग में रोहतक के सागर ने प्रथम और हिसार के प्रीत साईं ने द्वितीय स्थान हासिल किया। 55 किलोग्राम में झज्जर के प्रियांशु प्रथम और पंचकूला के कृष्णा द्वितीय रहे। 60 किलोग्राम में जींद के सिकंदर ने प्रथम और कैथल के योगेश ढांडा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
65 किलोग्राम में कुरुक्षेत्र के अंशुल प्रथम और अंबाला के सचिन द्वितीय रहे। इसी प्रकार 70 किलोग्राम भार वर्ग में भिवानी के कीर्तिक, 75 किलोग्राम में पानीपत के साहिल, 80 किलोग्राम में कुरुक्षेत्र के हार्दिक पंवार, 85 किलोग्राम में पंचकूला के युवराज, 90 किलोग्राम में अंबाला के आर्यन और 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में जींद के नवीन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस अवसर पर गायक अमनराज गिल और विकास बॉक्सर मोर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
विधायक देवेंद्र अत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं,बल्कि इनसे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और संघर्ष करने की भावना भी विकसित होती है। हरियाणा ने खेलों के क्षेत्र में देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को सही मंच और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की है।ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए।
इस मौके पर बॉक्सिंग एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष सत्यवान संधु, सचिव ओमबीर हुड्डा, वेदप्रकाश जिला सचिव, जिला प्रधान सत्यवान, बलजीत घसो, धर्मेंद्र, वीरेंद्र सिहाग डीपीई, मंदीप नैन, संदीप नैन, अनिल खटकड़, महीपाल गुरुकुल खेड़ा, संदीप दमाड़ा और सलोचना सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
