रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कठुआ

Kathua News:सीमावर्ती क्षेत्र से जम्मू के लिए सीधी बस सेवा शुरू – Jammu And Kashmir News

November 29, 2026


एसडीएम और तहसीलदार ने करोल मथुरा से बस को दिखाई हरी झंडी

संवाद न्यूज़ एजेंसी

हीरानगर। सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को शुक्रवार को जम्मू के लिए सीधी बस सेवा की सौगात मिली। शुक्रवार सुबह एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह और तहसीलदार अनूप शर्मा ने सीमावर्ती गांव करोल माथुरें से जम्मू जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर दोनों अधिकारी भी बस में सवार होकर चड़वाल तक पहुंचे।

दरअसल, सीमावर्ती क्षेत्र के लोग लंबे समय से जम्मू के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। अभी तक यात्रियों को जम्मू पहुंचने के लिए दो से तीन वाहन बदलने पड़ते थे। खासकर स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को इससे काफी परेशानी होती थी। ऐसे में नई बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी। एसडीएम फुलैल सिंह ने कहा कि इसे शुरू करने का मुख्य उद्देश्य आम यात्रियों के साथ-साथ विद्यार्थियों को आवागमन की बेहतर सुविधा देना है। वहीं, पूर्व सरपंच भूषण भरत भूषण ने कहा कि इस बस से उन विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें स्कूल और कॉलेज पहुंचने के लिए कई वाहन बदलने पड़ते थे। पूर्व सरपंच रवि कुमार ने कहा कि इस सेवा का लाभ सीमावर्ती क्षेत्र के साथ-साथ चढ़वाल से आगे के गांवों के लोगों को भी मिलेगा। इससे जम्मू तक पहुंचने में लगने वाला समय कम होगा और यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

मेटोडोर यूनियन ने जताया विरोध

बस के चढ़वाल पहुंचते ही मेटाडोर यूनियन के सदस्यों ने उसे रोककर विरोध जताया। यूनियन का कहना था कि पहले से ही मेटाडोर में सवारियां कम हो रही हैं और काम प्रभावित है। ऐसे में सीधी बस सेवा शुरू होने से उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ेगा। मामले को देखते हुए एसडीएम फुलेल सिंह ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत करवाई। चर्चा के बाद बस का प्रस्तावित रूट बदलने पर सहमति बनी। पहले बस करोल माथुरे से मन्यारी बॉर्डर, बलासा खू, सांझी मोड़ और चढ़वाल होते हुए जम्मू जाने वाली थी, लेकिन अब यह करोल माथुरे से लोंडी और शेरपुर होते हुए जम्मू पहुंचेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X