रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Almora News:मॉक ड्रिल में भूकंप से लेकर बर्फबारी तक के हालात की परखीं तैयारियां – Mock Drills Test Preparedness For Conditions Ranging From Earthquakes To Snowfall
अल्मोड़ा

Almora News:मॉक ड्रिल में भूकंप से लेकर बर्फबारी तक के हालात की परखीं तैयारियां – Mock Drills Test Preparedness For Conditions Ranging From Earthquakes To Snowfall

November 29, 2026


Mock drills test preparedness for conditions ranging from earthquakes to snowfall

जिले में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल के दौरान घायल को ले जाते पुलिस कर्मी व अन्य। स्रोत -सूवि

अल्मोड़ा। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों, विभागों के आपसी समन्वय और रिस्पांस टाइम को परखने के लिए शनिवार को जिले में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी, एसएसबी सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान जिले के अलग-अलग स्थानों पर भूकंप, बाढ़, भारी बर्फबारी, भूस्खलन और वाहन दुर्घटनाओं के काल्पनिक परिदृश्य तैयार किए गए। कोसी बैराज में जलस्तर बढ़ने, जीआईसी स्यालीधार में भूकंप से विद्यालय की दीवार क्षतिग्रस्त होने और बच्चों के कमरे में फंसने की स्थिति पर राहत एवं बचाव का अभ्यास किया गया। इसके अलावा सल्ट के ब्याखलीपड़ाव रोड पर वाहन दुर्घटना, लमगड़ा के छड़ोजा क्षेत्र में भारी बर्फबारी के दौरान लोगों के फंसने तथा कनरा रोड पर मलबा आने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का परिदृश्य बनाया गया।

सुबह 10:11 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से जीआईसी स्यालीधार में भूकंप से दीवार टूटने और बच्चों के फंसे होने की सूचना मिली। इसके दो मिनट बाद ही राहत एवं बचाव टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। सभी स्थानों पर घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और प्रभावितों को राहत पहुंचाने का अभ्यास किया गया। मॉक ड्रिल के संचालन के लिए पुलिस लाइन अल्मोड़ा में स्टेजिंग एरिया बनाया गया। एसएसपी चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में सीओ बलवंत सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला ने टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभ्यास में जिला पुलिस, एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी, एसएसबी, होमगार्ड, एनसीसी, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और फायर सर्विस सहित विभिन्न विभागों ने प्रतिभाग किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X