Balrampur News:हाईकोर्ट के आदेश की अनदेखी, ईओ को नोटिस – High Court Order Ignored, Notice To Eo
November 29, 2026

बलरामपुर के भगवतीगंज में नगर पालिका की तरफ से बनाया गई दुकानें ।
बलरामपुर। हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद भगवतीगंज में आदर्श विद्यालय के निकट स्थित एक दुकान का 29 साल 11 महीने के लिए किरायानामा पंजीकृत कराने के मामले में आदर्श नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने इस मामले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। न्यायालय ने उनसे जवाब मांगा है कि आदेश की कथित अवहेलना के मामले में उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए।
मोहम्मद इरफान अंसारी और दो अन्य की ओर से दाखिल अवमानना याचिका पर न्यायमूर्ति अवधेश कुमार चौधरी की पीठ ने 25 नवंबर को सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता राजेश कुमार और अमिताभ प्रताप सिंह ने पक्ष रखा। याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ताओं ने न्यायालय को बताया कि आदर्श नगर पालिका परिषद की ओर से चार फरवरी को दुकानों के आवंटन के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें क्रम संख्या 10 पर भगवतीगंज में आदर्श विद्यालय के निकट स्थित दुकानों का आवंटन प्रस्तावित था।
इस प्रक्रिया को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की गई थी। इस पर आठ सितंबर को हाईकोर्ट की खंडपीठ ने अंतरिम आदेश पारित करते हुए नगर पालिका को आगे कोई आवंटन नहीं करने का निर्देश दिया था। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि न्यायालय के इस आदेश के बावजूद अधिशासी अधिकारी लालचंद मौर्य ने संबंधित दुकान का 29 साल 11 महीने के लिए किरायानामा कर दिया। इतना ही नहीं, 12 नवंबर को इसका पंजीकरण भी करा दिया गया।
याचिकाकर्ताओं ने इसे न्यायालय के आदेश की जानबूझकर अवहेलना बताते हुए अवमानना अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि जब हाईकोर्ट ने आगे आवंटन पर रोक लगा रखी थी, तो इसके बावजूद लंबी अवधि का किरायानामा पंजीकृत कराना न्यायालय के आदेश की अनदेखी है।
मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने अधिशासी अधिकारी को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उनसे पूछा गया है कि आठ सितंबर को पारित आदेश की कथित अवहेलना के लिए उनके खिलाफ अवमानना अधिनियम, 1971 की धारा 12 के तहत कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए। न्यायालय ने नोटिस की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर को होगी।
