लखीमपुर खीरी जिले में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को शहर के मोहल्ला मिश्राना स्थित बूथ पर मतदाता सूची में संशोधन और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया चली। इस दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ियों के मामले भी सामने आए।
मोहल्ला मिश्राना के शिक्षक गजेंद्र सिंह ने मतदाता सूची में अपनी पत्नी का नाम दो जगह दर्ज होने पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि एक स्थान पर पत्नी का नाम और फोटो सही है, जबकि दूसरी जगह नाम गलत दर्ज है और फोटो भी किसी अन्य व्यक्ति का लगा हुआ है। इसे हटवाने के लिए वह कई बार आपत्ति दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ। रविवार को उन्होंने फिर से आपत्ति दर्ज कराई।
वहीं, बूथ पर पहुंचे अमित मिश्रा ने भी मतदाता सूची में कई खामियां होने की बात कही। उन्होंने कहा कि सूची की त्रुटियों को दुरुस्त कराया जाना जरूरी है, ताकि किसी मतदाता को परेशानी न हो। अभियान के दौरान बूथ पर नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 जमा किए गए।
इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में मतदाता पहचानपत्र (वोटर आईडी) भी वितरित किए गए। एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया मतदाता सूची में जो भी खामियां हैं, उनको दुरुस्त कराने के फॉर्म 8 भरे जा रहे हैं। लोगों से अपील है कि मतदाता सूची देखें और गड़बड़ी पर फार्म जरूर भरे।