चित्रकूट। दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को पीटकर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने पति समेत आठ ससुरालियों पर मानिकपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। मानिकपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी रेखा देवी की शादी 25 नवंबर 2022 को दिल्ली के कड़कड़डूमा निवासी नरेश वर्मा से हुई थी। पिता ने शादी में जेवर और करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। ससुरालीजन पांच लाख रुपये और चार सोने की अंगूठियों की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किया जाता रहा। बेटी के जन्म के बाद प्रताड़ना और अधिक बढ़ गई। एक मार्च 2026 को पीटने के बाद जेवर छीन कर बेटी समेत घर से निकाल दिया। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पीड़िता मायके लौट आई। दिल्ली के थाने में सुनवाई न होने पर उसने पति के खिलाफ परिवार न्यायालय में अर्जी दी है। मुकदमा वापस लेने के लिए लगातार धमकाया जा रहा है। थाना प्रभारी अनूप कुमार दुबे का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)