Chitrakoot News:शराब व्यापारी के घर से 40 लाख के जेवर और नकदी चोरी – Jewellery And Cash Worth 40 Lakh Stolen From Liquor Trader’s House
मानिकपुर (चित्रकूट)। नगर के गांधी नगर मोहल्ले में शुक्रवार रात चोरों ने शराब व्यापारी के घर को निशाना बनाया। चोर तिजोरी से नकदी समेत करीब 40 लाख रुपये के आभूषण पार कर ले गए। वारदात के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। चोर पीछे के दरवाजे से पहली मंजिल पर पहुंचे थे।
गांधी नगर निवासी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि रात में वह परिजन के साथ कमरे में सो रहे थे। शनिवार सुबह नींद खुलने पर सामान बिखरा मिला और तिजोरी खुली थी। तिजोरी में रखे डेढ़ लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। उन्होंने घटना की जानकारी पड़ोसियों और पुलिस को दी।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी मऊ फहद अली, थाना प्रभारी अनूप कुमार दुबे, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए, लेकिन डॉग स्क्वॉड चोरों का सुराग नहीं लगा सका।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। सर्विलांस टीम रात के समय सक्रिय मोबाइल नंबरों की डिटेल खंगाल रही है। वहीं, पीड़ित परिवार ने चोरों का पता लगाने में मदद करने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
ट्रक की बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
चित्रकूट। कोतवाली कर्वी पुलिस ने ट्रक से बैटरी चोरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की दो बैटरी बरामद हुई हैं। लोढ़वारा निवासी रंजीत ने 15 सितंबर को कोतवाली कर्वी में सूचना दी थी कि रात करीब 11 बजे उनके ट्रक से दो बैटरी चोरी हो गई हैं। उस समय बिजली आपूर्ति बाधित होने से अंधेरा था। इसी का फायदा उठाकर चोर बैटरी ले गए थे। कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि पुलिस ने लोढ़वारा के डॉक्टर राममनोहर लोहिया हाई स्कूल के पास से कांशीराम कॉलोनी निवासी शनि कुमार और ओमप्रकाश वर्मा को चोरी की दो बैटरी के साथ गिरफ्तार किया है। (संवाद)
