चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कूड़ा बाजार चौकी अंतर्गत मुस्लिम महाल के मंसूर सलाम रोड स्थित हनुमानपुर में शनिवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। मुख्य गेट तोड़कर घर में घुसे चोर आलमारी में रखा लॉकर बॉक्स लेकर फरार हो गए। उसमें 80 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवरात, मकान के कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
मकान मालिक साहेब उर्फ भोलू ने बताया कि शनिवार की रात वह मकान का मुख्य गेट बंद कर मोहल्ले में ही रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 11:30 बजे घर लौटे तो मुख्य गेट टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो एक कमरे में रखी आलमारी से लॉकर बॉक्स गायब था।
उसमें 80 हजार रुपये नकद, चांदी के जेवरात, मकान के कागजात समेत अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। इसके बाद उन्होंने तत्काल कूड़ा बाजार चौकी पुलिस को सूचना दी। पीड़ित के मुताबिक, पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हुडी पहने दो युवक मकान की ओर आते दिखाई दे रहे हैं।