Unnao News:हाईस्पीड ट्रेन दौड़ाने का ट्रायल दो दिसंबर को – Trial Run For High-speed Train On December 2nd
= 121 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी हाईस्पीड ट्रेन
चकलवंशी। रेलवे की ओर से दो दिसंबर को 121 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हाईस्पीड ट्रेन का ट्रायल प्रस्तावित है। ट्रायल को सुरक्षित कराने के लिए रेल प्रशासन ने आम लोगों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ) सफीपुर कार्यालय जितेंद्र कुमार पटेल की ओर से जारी किए गए पत्र में बताया गया है कि हाईस्पीड ट्रेन दौड़ाने का ट्रायल दो दिसंबर को होना है। इस दौरान 121 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन दौड़ाई जाएगी। इसलिए रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने कोरारीकला, रनागढ़ी, पारा, मेथीटीकुर, ऊमर, माखी, पूरा निस्फपंसारी, हिमांचलखेड़ा आदि गांव के लोगों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल निर्धारित रेलवे क्रॉसिंग का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के आसपास पशुओं को न छोड़ें, भीड़ एकत्रित न होने दें और बच्चों को रेलवे लाइन के पास खेलने से रोकें। संवाद
