पंजाब में 25 दिन में नशे से 15 की मौत :डैनी बंडाला – 15 Deaths Due To Drugs In Punjab In 25 Days: Danny Bandala
अमृतसर। पंजाब में नशे के बढ़ते प्रकोप और युवाओं की मौतों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुखबिंदर सिंह डैनी बंडाला ने कहा कि पिछले 25 दिन में नशे के कारण 15 युवाओं की जान जा चुकी है।
सुखबिंदर सिंह डैनी बंडाला ने आरोप लगाया कि नगर बंडाला में पांच और तरसिक्का में दो युवाओं की मौत हुई है। इसके अलावा एक अन्य गांव में भी 19 वर्षीय युवक की नशे का इंजेक्शन लगाने से मौत हुई है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ के परिवार पर नशा तस्करों से संबंध होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में एफआईआर की प्रतियां और तस्वीरें मुख्यमंत्री को सौंपी गई हैं। दस दिन बीतने के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उधर, कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने डैनी बंडाला की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता जनता को गुमराह करने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। बिना तथ्यों के आरोप लगाना केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है।
