अस्पतालों में एंटीबायोटिक दवाओं के उचित इस्तेमाल को सुनिश्चित करने के लिए एंटीबायोटिक स्टीवर्डशिप प्रोग्राम लागू करना जरूरी है। इसका उद्देश्य मरीजों को बीमारी के अनुसार सही दवा, उचित खुराक उपलब्ध कराना है। यह बातें शनिवार को इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के सभागार में आयोजित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के 91वें वार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन आईएमएयूपीकॉन-2026 के पहले दिन मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज माथुर ने कहीं।
उन्होंने कहा कि ओपीडी, आईपीडी और आईसीयू में आने वाले मरीजों की पहले सटीक जांच होनी चाहिए। इसके बाद जरूरत के अनुसार टेस्ट कराने चाहिए। रिपोर्ट आने तक उपयुक्त एंटीबायोटिक दी जानी चाहिए। डॉ. माथुर ने कहा कि बिना डॉक्टर की सलाह एंटीबायोटिक लेने से दवाओं के प्रति प्रतिरोध बढ़ रहा है। अस्पतालों को अपने यहां एंटीबायोटिक दवाओं का फ्लोचार्ट तैयार करना चाहिए।
दमा एवं सांस रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष गुप्ता ने कहा कि सीओपीडी के मरीजों में सांस फूलना, खांसी बढ़ना और बलगम अधिक बनना बीमारी के बिगड़ने के संकेत हैं। संक्रमण और प्रदूषण इसके प्रमुख कारण हैं। बचाव के लिए नियमित रूप से इनहेलर का इस्तेमाल जरूरी है। ऑक्सीजन का स्तर 90 प्रतिशत से कम होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें। इस दौरान अध्यक्ष डॉ. ज्योति भूषण, डॉ. अशोक कुमार मिश्रा, डॉ. अभिनव अग्रवाल, डॉ. उत्सव सिंह, डॉ. शरद अग्रवाल, डॉ. राजेश मौर्य, डॉ. अनुभा श्रीवास्तव व डॉ. आशुतोष गुप्ता मौजूद रहे।