रजिस्ट्री के लिए एनओसी की शर्त करेंगे खत्म :सुखबीर – Will Abolish The Noc Requirement For Property Registration: Sukhbir
लुधियाना। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि प्रदेश में अगली अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार बनने पर रजिस्ट्री के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की शर्त खत्म होगी। अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए विशेष योजना लाई जाएगी।
सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि लुधियाना में सतलुज नदी पर बैराज बनाया जाएगा। नदी के पास आधुनिक जल नगर विकसित किया जाएगा। शहर में एक अत्याधुनिक प्रदर्शनी केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए नई व्यवस्था बनेगी। प्रॉपर्टी डीलर्स एसोसिएशन के सवालों का जवाब देते हुए बादल ने बात रखी। उन्होंने माना कि अनापत्ति प्रमाण पत्र की शर्त भ्रष्टाचार का जरिया है। इसे खत्म करने के लिए नया विभाग बनाया जाएगा। इस नए विभाग के कार्यालय हर जिले में काम करेंगे। सभी विभागों के अधिकारी एक महीने में मंजूरियां देंगे। भ्रष्टाचार रोकने के लिए फेसलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू की जाएगी। सीजनल उद्योगों पर लगने वाले फिक्स बिजली चार्ज भी हटाए जाएंगे।
उद्योगों को सस्ती बिजली
सुखबीर ने कहा कि निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रदर्शनी केंद्र बनाया जाएगा। उद्योगों के लिए बिजली की दर 5 रुपये प्रति यूनिट होगी। नए उद्योगों को पचास फीसदी स्टेट कर अपने पास रखने की अनुमति मिलेगी। सस्ती बिजली के लिए सोलर पार्क स्थापित किए जाएंगे। वाणिज्यिक वाहनों के लिए एक साल का कर एडवांस देने की नीति बदलेगी। अब तिमाही कर जमा करने की सुविधा दी जाएगी। आढ़तियों को ढाई प्रतिशत कमीशन दिलाने का भरोसा दिया गया है।
