Delhi Ncr News:निजी स्कूल ने चार साल में बढ़ाई 122 फीसदी फीस, शिक्षा निदेशालय ने थमाया नोटिस – Private School Hikes Fees By 122% Over Four Years; Directorate Of Education Issues Notice
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के मॉडल टाउन-3 स्थित एक नामी निजी स्कूल को फीस वृद्धि और नियमों के उल्लंघन करने पर शिक्षा निदेशालय ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निदेशालय के उत्तर-पश्चिम जिला-ए के उप शिक्षा निदेशक कार्यालय के नोटिस में स्कूल पर चार वर्षों में ट्यूशन फीस बढ़ाने, बिना अनुमति फीस वसूलने, पीटीए और स्कूल स्तरीय फीस नियमन समिति (एसएलएफआरसी) का गठन नहीं करने, वित्तीय अनियमितताओं और अग्निशमन सुरक्षा प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त होने समेत 15 गंभीर अनियमितताओं के आरोप पर स्कूल प्रबंधन से 15 कार्य दिवस में दस्तावेज के साथ जवाब मांगा है। स्कूल में करीब 2,902 छात्र पढ़ते हैं।
निदेशालय के नोटिस के अनुसार क्वीन मैरी स्कूल को छह जून 2022 को केवल आठ फीसदी फीस बढ़ाने की अनुमति मिली थी। इसके बाद फीस वृद्धि की कोई मंजूरी रिकॉर्ड में नहीं है। इसके बावजूद 2021-22 से 2025-26 के बीच फीस में करीब 122 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई। साथ ही वित्तीय रिकॉर्ड में करोड़ों का अंतर का हिसाब भी मांगा गया है। नोटिस में निदेशालय ने अगले आदेश तक 2026-27 की प्रस्तावित फीस वसूलने पर रोक लगाई है।
