Mainpuri News:नेशनल शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा – National Shooting Ball Championship Begins; Players Showcase Their Talent
बाईपास रोड स्थित जेएस मेमोरियल स्कूल में शनिवार की देर शाम अंडर-19 नेशनल शूटिंग बॉल चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हो गया। शूटिंग बॉल फेडरेशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में मैनपुरी शूटिंग बॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन बालक और बालिका वर्ग में कई रोमांचक मुकाबले खेले गए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ एशियन शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव रविंद्र सिंह तोमर ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। ऐसे आयोजनों से छोटे शहरों में भी खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और नई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है।
फेडरेशन के कोषाध्यक्ष जेपी कादयान ने कहा कि खेल में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और टीम भावना सबसे जरूरी हैं। शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जीतराज तोमर ने कहा कि अंडर-19 स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं भविष्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मैनपुरी शूटिंग बॉल एसोसिएशन के सचिव अमर यादव, विद्यालय के प्रबंधक अनिल यादव और अजीत यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। सचिव अमर यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की करीब 47 टीमों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन बालक और बालिका वर्ग के कई मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को हराया
बालक वर्ग के शुरुआती मुकाबलों में उत्तराखंड की टीम ने गोवा को 21-9 अंकों से पराजित किया। उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आंध्र प्रदेश को 21-5 से हराया। वहीं, दिल्ली और तेलंगाना के बीच कड़े मुकाबले में दिल्ली ने 21-19 अंकों से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। बालिका वर्ग के मुकाबलों में पश्चिम बंगाल ने बिहार को 21-8 अंकों से हराया। राजस्थान की टीम ने हिमाचल प्रदेश को 21-14 से पराजित किया। उत्तराखंड ने कर्नाटक को 21-8 अंकों के अंतर से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। रेफरी की भूमिका परीक्षित कर्मठिया, प्रशांत पवार, तनु शर्मा, मंजीत, अंजनी और विद्या ने निभाई।
बदलाव:
