Faridabad News:करंट से मौत पर बिजली विभाग के खिलाफ केस – Case Filed Against Electricity Department Over Death By Electrocution
– पत्नी ने पहले इत्तफाकिया हादसा बताया था, बाद में जांच के बाद विभाग की लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार
– ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा के लिए नहीं लगी थी जाली, सड़क पर भरा था पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। संजय कॉलोनी की 22 फुट रोड पर एक माह पहले ट्रांसफार्मर के खुले जंपर से करंट लगने के कारण हुई दिनेश तिवारी की मौत के मामले में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हादसे के समय उनकी पत्नी ने इसे इत्तफाकिया घटना बताया था, लेकिन बाद में जांच के बाद ट्रांसफार्मर की कम ऊंचाई और उसके चारों ओर सुरक्षा जाली नहीं होने को हादसे की वजह बताते हुए शिकायत दी।
शिव कॉलोनी निवासी मंजू तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनके पति दिनेश तिवारी की 13 अक्तूबर को संजय कॉलोनी की 22 फुट रोड पर ट्रांसफार्मर से करंट लगने के कारण मौत हो गई थी। हादसे के बाद सदमे में होने के कारण उन्होंने पहले इत्तफाकिया बयान दर्ज कराए थे। बाद में जानकारी जुटाने पर पता चला कि ट्रांसफार्मर जमीन से काफी कम ऊंचाई पर लगा था और उसके चारों ओर सुरक्षा के लिए जाली भी नहीं थी। आरोप है कि ट्रांसफार्मर के खुले जंपर की चपेट में आने से उनके पति की जान गई।
सड़क पर पानी भरा होने का भी किया जिक्र-
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटनास्थल वाली सड़क पर नगर निगम की लापरवाही के कारण पानी भरा हुआ था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि बिजली निगम ने ट्रांसफार्मर और जंपर कम ऊंचाई पर लगाए थे और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे। इसी लापरवाही के चलते दिनेश तिवारी की मौत हुई। शिकायत के आधार पर मुजेसर थाना पुलिस ने 28 नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत लापरवाही से मौत के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
मानकों के लिहाज से कोई चूक नहीं हुई है-
वहीं, बिजली निगम के एनआईटी मंडल की कार्यकारी अभियंता ऊर्मिला रानी ने बताया कि ट्रांसफार्मर लगाते समय निर्धारित मानकों का पालन किया गया था। इसे जमीन से पांच फीट की ऊंचाई पर लगाया गया था। उनके अनुसार, मानकों के लिहाज से कोई चूक नहीं हुई है। अब नगर निगम की ओर से सड़क का निर्माण कराया जाएगा तो ट्रांसफार्मर की ऊंचाई और बढ़ा दी जाएगी।

फरीदाबाद संजय कॉलोनी में करंट लगने से दिनेश की मौत की सीसीटीवी की फाइल फोटो ।

फरीदाबाद संजय कॉलोनी में करंट लगने से दिनेश की मौत की सीसीटीवी की फाइल फोटो ।
