अनूपशहर। प्रांतीयकृत कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्या में शनिवार को स्कूली बच्चों की प्रतिभा और कला का अनूठा संगम देखने को मिला। एक दर्जन से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, नाटक, कवि सम्मेलन और पौराणिक प्रसंगों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक मेला पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल, उनकी पत्नी अनीता गोयल और अधिशासी अधिकारी गार्गी त्यागी ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत जीडीएवी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने हरियाणवी लोकनृत्य और समूह नृत्य से की। जी ग्रेट पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने राजस्थानी लोकनृत्य के साथ सोशल मीडिया के प्रभाव पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। परदादा-परदादी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने कवि सम्मेलन के माध्यम से अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परिचय दिया।
एसडीपीडी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने रावण-मेघनाद संवाद और शिव तांडव का प्रभावशाली मंचन किया। पीएसपीए विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने गणेश पुनर्जन्म की कथा, द गुरुकुल (ए टेंपल ऑफ एजुकेशन) ने नरसिंह अवतार और सनरेज स्कूल ने छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और स्वाभिमान पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर दर्शकों में जोश भर दिया।
वहीं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने वृद्धाश्रम पर आधारित मार्मिक नाटक प्रस्तुत कर बुजुर्गों के प्रति परिवार और समाज की जिम्मेदारी का संदेश दिया। नाटक के भावुक दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जेपी विद्या मंदिर यूनिवर्सिटी कैंपस की छात्राओं ने समूह नृत्य और सिटी कैंपस की टीम ने योग पर आधारित प्रस्तुति देकर खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम के समापन पर पालिका अध्यक्ष ब्रजेश गोयल ने सभी विद्यालयों के स्टाफ और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी विद्यालयों का आभार जताया।