Barabanki News:भरोसा जीतकर घर में रखवाई किशोरी, फिर वृद्धा की हत्या – Gained Trust To Get A Teenage Girl Placed In The Household, Then Murdered An Elderly Woman
लखनऊ। आशियाना के सेक्टर-के निवासी नीरा गुप्ता (65) की हत्या और लूटपाट के मामले में पुलिस ने किशोरी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि वृद्धा के घर पहले काम कर चुकी बाराबंकी के लोनी कटरा स्थित खैराकनकू गांव की मोनी रावत ने भरोसा जीतकर किशोरी को घरेलू काम के लिए रखवाया था। इसके बाद रिश्तेदारों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची। पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये के जेवर और 38,318 रुपये नकद समेत लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।
डीसीपी मध्य अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि नीरा के भतीजे अनुभव ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच में घर में काम करने आई किशोरी की भूमिका संदिग्ध मिली। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से घटना के दिन किशोरी और तीन अन्य आरोपियों की लोकेशन घर के पास मिली। शुक्रवार को किशोरी को पकड़ने के बाद उसकी निशानदेही पर नगराम निवासी रवि प्रकाश, सरिता रावत और मोनी रावत को गिरफ्तार किया गया।
एसीपी कैंट सुजीत दुबे के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले नीरा को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सरिता घर के बाहर निगरानी कर रही थी, जबकि रवि प्रकाश, मोनी और किशोरी दस्ताने पहनकर अंदर दाखिल हुए। सामान समेटते समय नीरा की आंख खुल गई और उन्होंने विरोध किया। इस पर रवि ने तकिये से उनका मुंह दबाया, मोनी और किशोरी ने गला दबाया। किशोरी ने लोहे के मूसल से सिर के पीछे वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र राय ने बताया कि मोनी पहले नीरा के घर काम करती थी। पति की मौत के बाद उसने काम छोड़ दिया था। 22 अक्तूबर को नीरा ने मोनी की सलाह पर पुरानी नौकरानी को हटाकर किशोरी को काम पर रखा। चारों ने 27 अक्तूबर को वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने जेवर और नकदी के अलावा पासपोर्ट, घड़ी, गैस पासबुक, बैग, सूटकेस, कपड़े और अन्य सामान भी बरामद किया है।
