Mahendragarh-narnaul News:हरियाणा दिवस पर नारनौल में मनेगी हीरक जयंती, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव होंगी मुख्य अतिथि – Diamond Jubilee To Be Celebrated In Narnaul On Haryana Day; Health Minister Arti Rao Will Be The Chief Guest
नारनौल। हरियाणा राज्य के गठन के 60 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर हीरक जयंती समारोह मनाया जाएगा। इस अवसर पर नारनौल के सभागार में सुबह 10 बजे जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जिला प्रशासन ने समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मुख्य अतिथि होंगी। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक ओम प्रकाश यादव और महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव भी शामिल होंगे।
एडीसी तरुण कुमार पावरिया ने बताया कि कार्यक्रम के लिए सभागार में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इसके माध्यम से कुरुक्षेत्र से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का लाइव संबोधन दिखाया जाएगा। लोगों के बैठने और अन्य सुविधाओं का भी पूरा इंतजाम किया गया है।
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी हरियाणवी और क्षेत्रीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इनमें लोकगीत, परंपराओं और रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिलेगी।
एडीसी ने कहा कि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा अलग राज्य बना था। इसके बाद प्रदेश ने कृषि, खेल, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से तरक्की की है और देश में अपनी अलग पहचान बनाई है।
