Almora News:तुराचौरा-बाजखेत रूट पर बस संचालित नहीं होने से यात्री परेशान – Passengers Face Inconvenience Due To The Non-operation Of Buses On The Turachaura-bajkhet Route
स्याल्दे (अल्मोड़ा)। तुराचौरा-बाजखेत सड़क पर बस सेवा का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीण तुराचौरा से बाजखेत और डोटियाल तक करीब 25 किमी का सफर टैक्सियों के सहारे पूरा करने को मजबूर हैं। टैक्सी का महंगा किराया होने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वहीं सड़क भी लंबे समय से बदहाल है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जल्द इस रूट पर बस सेवा शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्याल्दे में तुराचौरा, आमखेत, फड़ियां, मटेला, फूलें, किचार, गुमटी और कनकोट सहित 14 से अधिक पड़ावों से ग्रामीण रोजाना ब्लॉक और तहसील मुख्यालय को आवाजाही करते हैं। संकरी सड़क के कारण बड़े वाहनों का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। जिला पंचायत सदस्य किशोर बवाड़ी ने बताया कि सड़क की हालत जर्जर है। कई जगह कलवर्ट टूटे हैं और डामर उखड़ चुका है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि एनबीसीसी विभाग को कई बार शिकायत की गई है लेकिन अब भी समस्या जस की तस बनी हुई है। नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द उनकी परेशानी का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे।
