शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़र्रुख़ाबाद

Farrukhabad News:राजेपुर में सीता खोज और सेतु लीला का मंचन – Sita Search And Bridge Leela Staged In Rajepur

November 1, 2026


फर्रुखाबाद। राजेपुर में शनिवार को सीता की खोज, विभीषण शरणागत और सेतु लीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने इन महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। बड़ी संख्या में राम भक्तों ने इस लीला का आनंद लिया।

सीता की खोज के लिए हनुमान जी, जामवंत और अंगद सहित वानर भालू समुद्र तट पर पहुंचे। जामवंत ने हनुमान जी को उनके बल का स्मरण कराया। इसके बाद हनुमान जी ने गर्जना की और सीता की खोज में निकल पड़े। रास्ते में राक्षसी सुरसा मिली, जिसे हनुमान जी ने अपनी बुद्धि से प्रसन्न किया। लंका नगरी में प्रवेश करते समय उन्होंने लंकिनी का वध किया। लंका में विभीषण से मुलाकात के बाद हनुमान जी अशोक वाटिका पहुंचे। वहां उन्होंने सीता जी को रामदूत होने का एहसास कराने के लिए मुद्रिका गिराई। इसके बाद उन्होंने रावण की बगिया में फल खाए और पेड़ उखाड़े। मेघनाद ने हनुमान जी को नागपाश में बांधकर रावण के पास प्रस्तुत किया। रावण के निर्देश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगा दी गई, जिसके बाद उन्होंने पूरी लंका जला डाली। हनुमान जी रामचंद्र जी के पास लौट आए।

विभीषण शरणागत और लंकेश पदवी

हनुमान जी के लौटने के बाद रावण ने अपने भाई विभीषण को लात मारकर लंका से निकाल दिया। विभीषण तुरंत भगवान राम की शरण में गए। रामचंद्र जी ने विभीषण को लंकेश घोषित कर दिया। यह प्रसंग रामलीला के महत्वपूर्ण हिस्सों में से एक था।

सेतु निर्माण और लंका पर चढ़ाई

इसके उपरांत भगवान ने शिव की स्थापना की। नल, नील और अन्य वानरों के सहयोग से समुद्र पर पुल का निर्माण किया गया। इस सेतु के माध्यम से भगवान राम ने अपनी सेना के साथ लंका पर चढ़ाई कर दी। आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह, उमेश सिंह, मुकेश यादव, नीतीश अग्निहोत्री और रोहित कुशवाहा सहित राजकुमार सिंह तथा कई श्रद्धालु मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X