Noida News:पंजाब विश्वविद्यालय ने जीती मूट कोर्ट प्रतियोगिता – Panjab University Organized A Moot Court Competition
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में आयोजित पांचवीं पीएन माथुर मेमोरियल नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता-2026 का रविवार को समापन हुआ। देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों की 53 टीमों के बीच मुकाबले में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज ने विजेता का खिताब जीता। आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी, देहरादून की टीम उपविजेता रही।
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह ने कहा कि वकालत में सफलता के लिए मेहनत, समर्पण और मजबूत विधिक शोध जरूरी है। उन्होंने मूट कोर्ट को विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण मंच बताया। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप राय ने विद्यार्थियों को विनम्रता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
विजेता टीम में अंशुल भारद्वाज, गुररोबिनप्रीत सिंह और गुरलीन कौर शामिल रहे। बेस्ट मेमोरियल का पुरस्कार दिल्ली विश्वविद्यालय और बेस्ट स्पीकर का खिताब इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज की जिया शुक्ला को मिला। कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह सहित डीन डॉ. केके द्विवेदी और डॉ. रमा शर्मा मौजूद रहे।
