शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सिरमौर

Sirmour News:अहोई अष्टमी पर संतान की दीर्घायु के लिए माताओं ने रखा व्रत – Ahoi Astmi Vrat In Nahan

November 2, 2026


संवाद न्यूज एजेंसी

नाहन (सिरमौर)। संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर रविवार को जिला मुख्यालय नाहन में माताओं ने अहोई अष्टमी का व्रत रखा। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में भी खूब रौनक रही। महिलाओं ने व्रत और पूजन से जुड़ी सामग्री के साथ मिठाइयों की भी जमकर खरीदारी की। सुबह से ही बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

अहोई अष्टमी का व्रत सूर्योदय के साथ शुरू हुआ। व्रती महिलाओं ने दिनभर उपवास रखा और शाम को मां अहोई की कथा सुनने के बाद तारों को अर्घ्य देकर व्रत खोला। इसके बाद महिलाओं ने अपने बच्चों को प्रसाद खिलाया और स्वयं भोजन किया। अहोई अष्टमी को अहोई आठे के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन मां पार्वती की पूजा-अर्चना कर संतान की लंबी और निरोग आयु की कामना की जाती है। पहले यह व्रत मुख्य रूप से पुत्र की दीर्घायु के लिए रखा जाता था, लेकिन अब महिलाएं बेटों के साथ बेटियों की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र के लिए भी यह व्रत रखती हैं।

अहोई अष्टमी पर गन्ने और मूली का पूजन करने की परंपरा है। इसके चलते बाजार में गन्ने की मांग भी रही। हालांकि, शहर के अलग-अलग हिस्सों में गन्ने के दामों में काफी अंतर देखने को मिला। दिल्ली गेट और गुन्नूघाट में गन्ने का जोड़ा 80 से 100 रुपये तक बिका, जबकि बस अड्डा क्षेत्र में कहीं 60 तो कहीं 80 रुपये में जोड़ा बेचा गया। अलग-अलग दुकानों पर अलग-अलग दाम होने से खरीदारों को भी कीमतों में अंतर देखने को मिला।—————

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X