सीजी:गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आज राज्योत्सव की धूम, छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति से सजेगी शाम – On The Occasion Of The Completion Of 26 Years Since The State Foundation Day, A Grand District-level Rajyotsav
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में आज 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से गुरुकुल ग्राउंड पेंड्रारोड में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू सहित जिले और क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
कार्यक्रम में कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपची, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, जनपद पंचायत गौरेला अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, पेंड्रा अध्यक्ष हेमकुंवर अजीत श्याम और मरवाही अध्यक्ष जानकी खुसरो शामिल होंगे। इसके अलावा नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, पेंड्रा अध्यक्ष राकेश जालान और नगर पंचायत मरवाही अध्यक्ष मधुबाबा गुप्ता भी उपस्थित रहेंगे।
राज्योत्सव के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। बच्चों के मनोरंजन के लिए मेला और खानपान के लिए फूड जोन भी तैयार किया गया है। ये आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
लोक संस्कृति की दिखेगी झलक
राज्योत्सव की शाम छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के नाम रहेगी। सुप्रसिद्ध गायिका छाया चंद्राकर की टीम ‘लोक छाया’ रात 8 बजे से सांस्कृतिक प्रस्तुति देगी। इसके अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 4 से 5 बजे तक स्कूली बच्चों की प्रस्तुति होगी। शाम 5 से 6 बजे तक बारीउमराव, लमना, सेमरदर्री और आमगांव के कलाकार शैला, सुवा, डंडा, करमा और बार नृत्य प्रस्तुत करेंगे। शाम 6 से 7 बजे तक जाटादेवरी के कलाकार लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद शाम 7 से 8 बजे तक मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। राज्योत्सव के माध्यम से जिले में विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत करने के साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, परंपरा और संस्कृति को मंच मिलेगा।
