गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बाइक चला रहे एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दोस्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कोटमी गांव निवासी जय साहू अपने दोस्त प्रशांत तिवारी के साथ बाइक से कोटमी से गौरेला जाने के लिए घर से निकला था। बाइक जय साहू चला रहा था और प्रशांत तिवारी पीछे बैठा हुआ था। बताया गया है कि जय साहू ने कुछ ही दिन पहले नई बाइक खरीदी थी।
हादसे का विवरण
दोनों दोस्त इसी नई बाइक से गौरेला जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पेंड्रा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे जय साहू को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच और गांव में शोक
बाइक में पीछे बैठे प्रशांत तिवारी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल घायल प्रशांत को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जय साहू की मौत की खबर जैसे ही कोटमी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, नाबालिग जय साहू की मौके पर मौत, दोस्त गंभीर।।