Mahoba News:युवक का अपहरण कर बनाएं आपत्तिजनक वीडियो, प्राथमिकी – Youth Abducted And Forced Into Making An Objectionable Video; Fir Registered
महोबा। साप्ताहिक बाजार में हवाई फायरिंग के मामले में आरोपियों को पकड़ने में भूमिका निभाने वाले युवक को अगवाकर मारपीट करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर दो लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि रुपये न देने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई। एसपी शशांक सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना खरेला के जरौली निवासी शैलेंद्र कुमार राजपूत ने एसपी को शिकायती पत्र दिया। बताया कि वह बाजार समिति का सदस्य है। आठ अक्तूबर को गांव के साप्ताहिक बाजार में बल्लायं निवासी भूपेंद्र, अनघौरा निवासी पुष्पेंद्र व गौरहारी निवासी नरेंद्र ने गुंडागर्दी करते हुए दो बार हवाई फायरिंग की थी। बाजार समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए उनका रिवाल्वर छीन लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को रिवाल्वर सौंपकर तहरीर दी गई लेकिन 20 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि 28 अक्तूबर को चरखारी से बाइक से साथी के साथ लौटते समय तीनों ने रास्ते में घेरकर उसे कार में डाल लिया। बाद में बेरहमी से मारपीट की और कार के नीचे उतरवाकर सिर रखकर पैर पड़वाए। इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया। आरोपियों ने कहा कि रिवाल्वर व शिकायती पत्र पुलिस को देने में उनका एक लाख रुपये खर्च हुआ है इसलिए दो लाख रुपये देने होंगे। रुपये न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। बताया कि 29 अक्तूबर को थाने में तहरीर देने पर कोई कार्रवाई नहीं की गई और तहरीर बदलने को कहा गया। सीओ रविकांत गोंड ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
