Almora News:मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव से सेहत पर पड़ रहा है असर – Fluctuations In The Weather Are Affecting Health
अल्मोड़ा। बदलते मौसम के मिजाज और रविवार की छुट्टी के कारण नगर के प्रमुख अस्पतालों की ओपीडी बंद रहने से इमरजेंसी वार्डों में मरीजों का भारी दबाव देखा गया। सुबह और शाम को पड़ रही तेज ठंड तथा दिन में चटक धूप के कारण हो रहे मौसमी उतार-चढ़ाव का सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी में 300 से अधिक मरीज उपचार को पहुंचे।
रविवार को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बेस अस्पताल की इमरजेंसी में 150 से अधिक और जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 160 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इन दिनों इमरजेंसी में सबसे ज्यादा मामले तेज बुखार, कमर दर्द, गले में खराश व संक्रमण तथा सांस फूलने की दिक्कतों से जुड़े आ रहे हैं।
इधर अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जीएस तितियाल ने बताया कि मौसम में आ रहे इस बदलाव के कारण वायरल इंफेक्शन और सांस के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम में विशेष सतर्कता बरतें, सुबह-शाम के समय गर्म कपड़ों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और तबीयत बिगड़ने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क कर उचित उपचार लें।
