शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अल्मोड़ा

Almora News:स्टेशन पर उमड़ी भीड़, दिल्ली रूट पर कम पड़ीं नियमित बसें, चलानी पड़ी अतिरिक्त सेवा – Crowds Thronged The Station; Regular Buses On The Delhi Route Fell Short, Necessitating The Deployment Of Additional Services

November 12, 2026


अल्मोड़ा। दिवाली का त्योहार मनाने के बाद अब लोगों के अपने कार्यस्थलों को लौटने का सिलसिला तेज हो गया है। बृहस्पतिवार को खासतौर पर दिल्ली रूट पर यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिला जिसके चलते उत्तराखंड परिवहन निगम की नियमित बस सेवाएं कम पड़ गईं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और परेशानी को देखते हुए रोडवेज प्रबंधन को शाम के समय दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त बस का संचालन करना पड़ा जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

रोडवेज डिपो अल्मोड़ा से दिल्ली रूट पर सामान्य दिनों में परिवहन निगम की कुल चार नियमित सेवाएं संचालित होती हैं। इनमें एक बस सुबह, एक दिन में और दो बसें शाम को रवाना होती हैं। त्योहारी सीजन के चलते बृहस्पतिवार को ये चारों बसें पूरी तरह पैक होकर गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में यात्री बस स्टेशन पर मौजूद थे। स्थिति को देखते हुए निगम ने शाम को दिल्ली के लिए एक अतिरिक्त बस रवाना की। सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि गुरुग्राम, लखनऊ, चंडीगढ़ और देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों को जाने वाली बसें भी यात्रियों से खचाखच भरी रहीं।

दूसरी ओर दिवाली मनाने अपने पैतृक गांव गए नगरवासी भी अब वापस लौटने लगे हैं। इसके चलते सुबह से ही स्थानीय बस स्टेशन और टैक्सी स्टैंड यात्रियों से गुलजार नजर आए। स्टेशन पर जैसे ही कोई बस लगती, पहले सीट पाने के लिए यात्रियों में होड़ मच जाती और लोग बस में चढ़ने के लिए टूट पड़ते। बस चालकों के मुताबिक शुक्रवार से यात्रियों का दबाव और अधिक बढ़ने की संभावना है।

———————–

दिवाली के बाद काम पर लौटने वाले यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। बृहस्पतिवार को दिल्ली रूट पर यात्रियों का दबाव बढ़ने के कारण शाम को एक अतिरिक्त बस का संचालन करना पड़ा। आगे भी यदि दिल्ली या अन्य किसी रूट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ती है तो जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी ताकि किसी को असुविधा न हो।

-धर्मानंद जोशी, एजीएम रोडवेज डिपो, अल्मोड़ा

———————

फोटो: 12एएलएम09पी- अल्मोड़ा स्टेशन पर बस के इंतजार में खड़े यात्री। संवाद

——–

बागेश्वर के बस स्टेशनों और टैक्सी स्टैंडों पर उमड़ी भारी भीड़

बागेश्वर। दिवाली पर्व के बाद महानगरों की ओर लौटने वाले लोगों के कारण जिले के बस स्टेशनों और टैक्सी स्टैंडों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मैदानी शहरों की ओर जाने वाली बसों और टैक्सियों में सीट के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति बनी रही।

बृहस्पतिवार को गांव और कस्बों में छुट्टियां बिताने के बाद लोग वापस अपनी नौकरी और कामकाज पर लौटे। सुबह से ही बस स्टेशन पर यात्रियों की लंबी कतारें और भारी चहल-पहल देखने को मिली। छोटे बच्चों और भारी सामान के साथ पहुंचे परिवार वाहनों का इंतजार करते नजर आए। कई यात्रियों को सीट पक्की करने के लिए पहले से ही वाहन बुक कराने पड़े। टैक्सी संचालकों और बस चालकों के अनुसार, दीपावली के ठीक बाद मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या में अचानक भारी इजाफा हुआ है। आगामी कुछ दिनों तक वापसी करने वाले यात्रियों के चलते वाहनों में इसी प्रकार की भीड़ रहने की संभावना है।

त्योहार पर घर आकर परिवार के साथ दीपावली मनाने का सुकून अलग ही होता है लेकिन रोजी-रोजगार की मजबूरी ऐसी है कि कुछ ही दिनों में वापस महानगर लौटना पड़ता है। घर के आत्मीय माहौल से दूर जाने का यह वक्त हमेशा ही काफी भावुक और कठिन होता है। -आशुतोष गोस्वामी, युवा, चौंरा, फोटो 12 बीजीएस 09 पी

पहाड़ में आजीविका के साधन और बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध न होना सबसे बड़ी विडंबना है। त्योहार की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं होती कि युवाओं को अपने घर-परिवार को छोड़कर रोजी-रोटी के लिए दोबारा महानगरों की ओर पलायन करना पड़ता है। -दिनेश चंद्र जोशी, युवा, गढि़यातोली, फोटो 12 बीजीएस 10 पी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X