शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambala News:कपालमोचन मेले के लिए अंबाला डिपो से चलेगी स्पेशल बसें – Special Buses Will Run From The Ambala Depot For The Kapalmochan Fair
अंबाला

Ambala News:कपालमोचन मेले के लिए अंबाला डिपो से चलेगी स्पेशल बसें – Special Buses Will Run From The Ambala Depot For The Kapalmochan Fair

November 20, 2026


अंबाला। आज से बिलासपुर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कपालमोचन मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरियाणा राज्य परिवहन (अंबाला डिपो) ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्य परिवहन महानिदेशक के निर्देशानुसार, अंबाला डिपो की ओर से मेले के दौरान स्पेशल बस सेवा का संचालन किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की विशेष ड्यूटियां लगा दी गई हैं।

रोडवेज महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने बताया कि मेला संचालन के लिए संस्थान प्रबंधक रविंद्र कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके अधीन यातायात शाखा के उपनिरीक्षक व परिचालक एक मिनी बस के साथ मेला क्षेत्र में बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा निरीक्षक हरदीप सिंह, सुरेश कुमार और महेंद्र सिंह मेले में चलने वाली बसों की आकस्मिक चेकिंग करेंगे।

——–

प्रमुख केंद्रों और चैक पोस्टों पर तैनात रहेंगे अधिकारी

यात्रियों के मार्गदर्शन और बसों की समयबद्ध आवाजाही के लिए तीन मुख्य बिंदुओं पर विशेष टीमें तैनात की गई हैं। मुख्य बस स्टैंड कपालमोचन (बिलासपुर) पर निरीक्षक रमेश चंद्र (इंचार्ज), सढ़ौरा चैक पोस्ट पर निरीक्षक कृष्ण कुमार (इंचार्ज) और अंबाला कैंट बस स्टैंड पर निरीक्षक बहादुर सिंह (इंचार्ज) के नेतृत्व में निरीक्षक, उपनिरीक्षक व अन्य कर्मचारी शिफ्ट अनुसार दिन-रात ड्यूटी देंगे।

——–

चालक व परिचालकों की छुट्टियों पर लगाई रोक

अंबाला से कपालमोचन मेले के लिए अंबाला और यमुनानगर डिपो की बसें 3:1 के अनुपात में संचालित की जाएंगी। वापसी के समय अंबाला डिपो की बसें जगाधरी बस स्टैंड में प्रवेश करते हुए अंबाला पहुंचेंगी। वहीं, मेला वापसी की रात यानी 23 नवंबर को निरीक्षक संजीव कुमार (अंबाला) और निरीक्षक कर्मवीर (नारायणगढ़) अपने कार्यलिपिकों के साथ बिलासपुर बस स्टैंड से बसों को भरवाकर वापस भेजना सुनिश्चित करेंगे। मेले के दौरान चालक व परिचालकों की छुट्टियों पर भी रोक लगा दी गई है।

————

अवैध वाहनों पर रहेगी सख्ती, पुलिस बल की मांग

मेले के दौरान निजी बसों और मैक्सी कैब पर रोक लगाने के लिए प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के सचिव को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। साथ ही दूसरे राज्यों की अवैध निजी बसों को अंबाला कैंट बस स्टैंड में प्रवेश व रात्रि ठहराव की अनुमति नहीं होगी। भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंबाला से बस स्टैंड पर पुलिस बल तैनात करने की मांग भी की गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X