शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambala News:विदेशी उपहार और कस्टम के नाम पर रेलकर्मी से 1.37 लाख की धोखाधड़ी – Railway Employee Defrauded Of Rs 1.37 Lakh Under The Pretext Of ‘foreign Gifts’ And ‘customs Charges’
अंबाला

Ambala News:विदेशी उपहार और कस्टम के नाम पर रेलकर्मी से 1.37 लाख की धोखाधड़ी – Railway Employee Defrauded Of Rs 1.37 Lakh Under The Pretext Of ‘foreign Gifts’ And ‘customs Charges’

November 20, 2026


अंबाला। विदेश से महंगे उपहार भेजने और कस्टम क्लियरेंस के नाम पर साइबर ठगों ने छावनी निवासी एक रेलकर्मी से 1 लाख 37 हजार 400 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने फेसबुक पर दोस्ती कर यूके से मोबाइल, लैपटॉप, कपड़े और घड़ियां भेजने का झांसा दिया। इसके बाद पार्सल छुड़ाने और उसमें मिले विदेशी पाउंड को भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर करवा ली। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसआई बलवान ने बताया कि न्यू चंद्रपुरी कॉलोनी, राजू डिपो निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 30 वर्षों से भारतीय रेलवे में कार्यरत हैं। फरवरी 2025 में वेनेसा डेविड नाम की फेसबुक आईडी से एक युवती ने उनसे संपर्क किया। उसने खुद को यूके निवासी बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई। मार्च में युवती ने नौकरी में प्रमोशन होने की खुशी में उन्हें महंगे उपहार भेजने की बात कही। इसमें मोबाइल, लैपटॉप, कपड़े, जूते और घड़ियां शामिल थीं। भरोसे में लेकर आरोपियों ने उनका पता हासिल कर पार्सल पैकिंग का वीडियो और फर्जी शिपिंग बिल भी भेज दिया।

पीड़ित के अनुसार, 3 अप्रैल 2025 को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताया और 18 किलो का पार्सल आने की बात कही। पार्सल छुड़ाने के नाम पर 41,600 रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में जमा करवाए। इसके बाद पार्सल में ब्रिटिश पाउंड होने और उन्हें भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर दो किस्तों में 58,400 और 37,400 रुपये पंजाब नेशनल बैंक के खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

काफी इंतजार के बाद भी पार्सल नहीं मिला और आरोपी से संपर्क नहीं हो सका तो ठगी का पता चला। पीड़ित ने 4 अप्रैल 2025 को साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की थी। बाद में 14 जुलाई 2026 को आरटीआई के जरिये भी पत्राचार किया। अब साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर एसआई बलवान को जांच सौंपी है। उन्होंने बताया कि पुलिस संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है।

—

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X