रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ambala News:गलती दोहराने पर बढ़े चालान, ई-स्कूटी पर हेलमेट हो अनिवार्य – Higher Fines For Repeat Offenses; Helmets Should Be Mandatory For E-scooters
अंबाला

Ambala News:गलती दोहराने पर बढ़े चालान, ई-स्कूटी पर हेलमेट हो अनिवार्य – Higher Fines For Repeat Offenses; Helmets Should Be Mandatory For E-scooters

November 28, 2026


अंबाला। अमर उजाला के अंबाला स्थित कार्यालय में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा अभियान के तहत संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। संवाद कार्यक्रम में निजी-सरकारी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं व व्यवसायिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरटीए सचिव सुशील कुमार भी उपस्थित रहे।

प्रतिभागियों ने सड़क सुरक्षा को एक आपदा बताया। इसमें समाज और शिक्षण संस्थानों के साथ प्रशासन की भूमिका काे प्रमुख बताया। उन्होंने कहा कि हमें शुरू से ही बच्चों को ऐसे रोल मॉडल बताने होंगे जो सड़क सुरक्षा में गंभीर हों। संवाद सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने लगातार गलतियां करने पर चालान का दंड बढ़ाने, ई-स्कूटी चालकों के लिए ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य करने, ट्रेफिक लाइटों का पालन कराने जैसे सुझाव दिए गए।

————————–

बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीरता जरूरी

दि एसडी विद्या स्कल से धनेश्वरी शर्मा ने बताया कि स्कूल वाहन से आने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए वाहन की चाबी जमा कराई जाती है और अभिभावकों की काउंसिलिंग होती है। चालान व्यवस्था में पहली गलती पर कम और बार-बार गलती करने पर अधिक जुर्माना होना चाहिए।

——————–

ई-स्कूटी पर हेलमेट अनिवार्य हो

फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल एसाेसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता सौरभ कपूर ने बताया कि स्कूलों में कई बच्चे बिना हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस के ई-स्कूटी लेकर आते हैं। अभिभावक भी उन्हें रोकते नहीं हैं। प्रशासन को ई-स्कूटी पर हेलमेट अनिवार्य करने के साथ ओवरस्पीड पर रोक लगानी चाहिए।

———————

ई-स्कूटी को मिले बढ़ावा

रोटरी क्लब ऑफ अंबाला कैंट से बलराम तिवासी ने बताया कि ई-स्कूटी परिवहन का अच्छा साधन हैं। बड़े दोपहिया वाहनों की तुलना में इनका इस्तेमाल सुविधाजनक हो सकता है। सुरक्षित तरीके से इनके संचालन को बढ़ावा दिया जाए तो यह यातायात और पर्यावरण के लिहाज से बेहतर प्रयास होगा।

——————

सड़क पर वाहन खड़े करना बंद करें

एसडी कॉलेज से संजीव कुमार ने बताया कि कॉलेज के बाहर राजमार्ग के पास अक्सर दोपहिया वाहन खड़े रहते हैं। इनमें बाहरी विद्यार्थियों के वाहन अधिक हैं, जबकि कॉलेज में पर्याप्त पार्किंग है। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर पार्किंग का सही इस्तेमाल कराना चाहिए।

——————

ट्रैफिक लाइटों पर नियमों का पालन हो

अंबाला कैंट की सनातन धर्म सभा से संदीप वर्मा ने बताया कि ट्रैफिक लाइटों पर वाहनों का न रुकना बड़ी समस्या है। राजमार्गों के किनारे स्थित स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को इससे खतरा रहता है। प्रशासन को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।

——————–

अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद लें

गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल गुंदियाना से निर्मल ने बताया कि सड़कों पर पैदल चलना और दोपहिया वाहन चलाना चुनौती बन गया है। लोगों को सबसे पहले खुद सावधानी बरतनी चाहिए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठनों को भी प्रभावी प्रयास करने चाहिए।

———————

हेलमेट को सुरक्षा का हिस्सा बनाएं

राजकीय माध्यमिक विद्यालय बुढ़ियों से संजीव कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर छोटे वाहनों से सफर करना जोखिम भरा है। दोपहिया वाहन चालकों को अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट जरूर पहनना चाहिए। अभिभावक भी बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की सीख दें।

——————–

बच्चों के वाहन की जांच करें

अंबाला कैंट के सेसिल कॉन्वेंट स्कूल से जसपाल सिंह ने बताया कि अभिभावक बच्चों को ऑटो या टैक्सी से भेजते समय वाहन की स्थिति और चालक के व्यवहार पर ध्यान दें। यह सुनिश्चित करें कि चालक तेज गति से वाहन न चलाए और यातायात नियमों का पालन करे।

——————–

बच्चे घर से ही सीखते हैं यातायात नियम

बचपन स्कूल से अधिवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बच्चों को यातायात नियमों की सीख देने के साथ अभिभावकों को भी उनका पालन करना चाहिए। बच्चे घर में बड़ों को नियम तोड़ते देखते हैं तो गलत आदतें सीखते हैं। इसलिए अभिभावक खुद उदाहरण पेश करें।

———————

समस्याओं के साथ समाधान पर भी चर्चा हो

सन इंस्टीट्यूट के संचालक अरुण खरबंदा ने बताया कि सड़क सुरक्षा व्यापक विषय बन चुका है। केवल समस्याएं गिनाने से बदलाव नहीं आएगा। प्रशासन को यातायात व्यवस्था सुधारने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। आम लोगों को भी जिम्मेदारी समझनी होगी।

—————–

ऑटो और ट्रालों से बढ़ रहा खतरा

दि स्कॉलर्स के संचालक संदीप सिंह चोपड़ा ने बताया कि ऑटो से स्कूल आने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों को गंभीर होना होगा। वहीं, राजमार्गों पर खड़े ट्रैक्टर और ट्राले धुंध में हादसों का खतरा बढ़ाते हैं। ऐसे वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने पर रोक जरूरी है।

—————

सड़क सुरक्षा के लिए जल्द शुरू होगी कैमरों से चालानिंग

आरटीए सचिव सुशील कुमार ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी सुझावों को नोट किया। उन्होंने कहा कि कुछ समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर किया जाएगा, जबकि कुछ के लिए लोगों को अपनी सोच और आदतों में बदलाव करना होगा। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे इन्फ्लूएंसर तलाशने होंगे, जो इस विषय को गंभीरता से उठाएं। उन्होंने कहा कि पैदल और दोपहिया वाहन चालकों की जान को सबसे अधिक खतरा है। चालान एक्ट में बदलाव के सुझाव उच्चाधिकारियों तक पहुंचाए जाएंगे। शहर की यातायात लाइटों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं और जल्द ही इनके माध्यम से चालान शुरू होंगे। एनएच-44 की कमियां भी दूर की जा रही हैं। दोपहिया चालकों से मुख्य लेन में न चलने और फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए खाली रखने की अपील की। साइकिल लेन बनाने पर भी विचार हो रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X