Ambala News:रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 20 सामान्य बसें – 20 Ordinary Buses Will Be Included In The Fleet Of Roadways
अंबाला। हरियाणा राज्य परिवहन निदेशालय ने प्रदेश के विभिन्न डिपो को 500 नई स्टैंडर्ड नॉन-एसी डीजल बसें आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस आवंटन में अंबाला रोडवेज डिपो को 20 नई सामान्य बसें मिली हैं।
निदेशालय ने इन बसों की जल्द डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। इन 20 नई बसों के बेड़े में जुड़ने के बाद अंबाला डिपो के पास कुल बसों की संख्या बढ़कर 210 हो जाएगी, जो वर्तमान में 190 है।
रोडवेज जीएम अश्वनी डोगरा ने बताया कि बसों के आने का आदेश मिल गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नए रूट भी शुरू होंगे। नई बसों के मिलने से नारायणगढ़, बराड़ा, शहजादपुर, मुलाना और साहा जैसे ग्रामीण रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जा सकेंगे। इससे रोजाना सफर करने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बसों की संख्या बढ़ने से दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य अंतरराज्यीय रूटों पर भी संचालन सुचारु होगा। पुरानी और खटारा हो चुकी बसों को बदलना भी आसान होगा। परिवहन निदेशालय के महाप्रबंधक ने संबंधित कंपनी को निर्देश दिए हैं। उन्हें बसें भेजने से पहले संबंधित डिपो के महाप्रबंधकों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया है।
ग्रामीण और अंतरराज्यीय रूटों को लाभ : यह कदम पुरानी और खटारा हो चुकी बसों को बदलने में भी सहायक होगा। इससे यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। नई बसों के आने से त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। सुबह-शाम व्यस्त समय में बस अड्डों पर होने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इससे यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा से छुटकारा मिलेगा।
