अंबेडकरनगर। मौसम में बदलाव और सर्दी की शुरुआत के साथ ही हड्डियों और जोड़ों के दर्द से परेशान मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में घुटने, कमर, कंधे और हाथ-पैरों में दर्द की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों के साथ पहले से गठिया की समस्या से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं।
सुबह और शाम की ठंड के कारण लोगों को खासतौर पर परेशानी हो रही है। कई मरीज सुबह सोकर उठने पर घुटनों और कमर में जकड़न की शिकायत कर रहे हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक संजय खरवार के अनुसार, तापमान में गिरावट से मांसपेशियों में खिंचाव और जोड़ों में अकड़न की समस्या बढ़ सकती है। ठंड के मौसम में शारीरिक गतिविधियां कम होने से भी दर्द की परेशानी बढ़ती है। ऐसे में पहले से गठिया या हड्डियों की समस्या से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
उन्होंने लोगों को शरीर गर्म रखने, सुबह-शाम ठंड से बचने और नियमित रूप से टहलने की सलाह दी। साथ ही हल्की कसरत करने और लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से बचने को कहा। यदि दर्द लगातार बना रहे या जोड़ों में सूजन हो तो चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।